राजनांदगांव

मुस्लिम प्रीमियम लीग रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन
04-Feb-2026 4:57 PM
मुस्लिम प्रीमियम लीग रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 फरवरी।
जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग द्वारा आयोजित मुस्लिम प्रीमियम लीग रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन  खेल भावना और सामाजिक सौहार्द्र के वातावरण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग द्वारा किया जा रहा है। जिसकी सम्पूर्ण व्यवस्था जिला अध्यक्ष शकील रिजवी एवं उनके नेतृत्व में गठित आयोजन समिति द्वारा की गई है। बेहतर व्यवस्थाओं, अनुशासन और सुचारू संचालन को लेकर आयोजन समिति की व्यापक प्रशंसा हुई।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव, विशिष्ट अतिथियों में प्रतियोगिता के संरक्षक रज्जाक भाई, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री शाहिद भाईख् शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार,  पार्षद वर्षा शरद सिन्हा, जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता अनीस खान, वरिष्ठ कांग्रेसी कुतबुद्दीन सोलंकी, रमेश डाकलिया, अशोक फडनविस, आसिफ  अली, आफताब  आलम, नासिर जिंदरान, अतहर साहब, आदिल रिजवी, मन्नान खान, बबलू कसार, गोलबाज़ार एवं तुलसीपुर मोती मस्जिद के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्रिकेट प्रेमी उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा अतिथियों का सम्मान किया गया।

महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि  खेल समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करता है तथा युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवा प्रतिभाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और समाज में सामाजिक सौहाद्र्र को बढ़ावा देते हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री शाहिद भाई ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करती है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम प्रीमियम लीग जैसी प्रतियोगिताएं समाज को जोडऩे का कार्य करती है और युवाओं को खेल के माध्यम से मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनाती हैं। उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया। इसके पश्चात दर्शनीय आतिशबाजी के साथ प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ। आयोजन समिति की ओर से महापौर मधुसूदन यादव एवं पार्षद वर्षा शरद सिन्हा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के प्रथम दिवस कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। जिनमें उद्घाटन मैच हैदर वारियर्स राजनांदगांव एवं शहीद वीर अब्दुल हामिद इलेवन भिलाई के मध्य खेला गया। इसके अलावा अब्राहम इलेवन राजनांदगांव बनाम धमतरी इलेवन धमतरी, मेमन टाइगर राजनांदगांव बनाम मुस्लिम टाइगर राजनांदगांव तथा अब्राहम इलेवन राजनांदगांव बनाम शहीद वीर अब्दुल हामिद इलेवन भिलाई के मध्य मुकाबले हुए। सभी मैच बेहद रोमांचक रहे। जिनका दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया।
उद्घाटन दिवस के सभी मुकाबलों में सर्वाधिक स्कोर 8 ओवर में 130 रन रहा, जो उद्घाटन मैच में भिलाई की टीम द्वारा बनाया गया और वही टीम विजयी भी रही। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने प्रतियोगिता के सफल शुभारंभ पर जिला अध्यक्ष शकील रिजवी के नेतृत्व और आयोजन समिति की उत्कृष्ट कार्यकुशलता की मुक्तकंठ से सराहना की।


अन्य पोस्ट