राजनांदगांव
एसपी से प्रेस क्लब ने उचित कार्रवाई करने रखी मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 फरवरी। राजनांदगांव प्रेस क्लब ने सोमवार को एसपी अंकिता शर्मा से गुमनाम पत्र के जरिये प्रेस क्लब की छवि को खराब करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
एसपी से मुलाकात करते प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मीडिया बिरादरी को बदनाम करने वाले शख्स के खिलाफ कानूनी तौर पर कार्रवाई करने की मांग करते कहा कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक फर्जी, बिना हस्ताक्षर एवं बिना आधिकारिक प्रमाण पत्र सार्वजनिक रूप से पोस्ट किया गया है। जिसमें पत्रकारों और मीडियाकर्मियों के विरूद्ध झूठे, भ्रामक और अपमानजनक आरोप लगाए हैं। उक्त पत्र में किसी भी प्रकार का वैध प्रेषक, कार्यालय, हस्ताक्षर अथवा प्रमाण अंकित नहीं है। इसके बावजूद कुछ भाजपा नेताओं व अधिकारियों को पोस्ट किया गया है।
सोशल मीडिया में भी राजनांदगांव प्रेस क्लब की छवि को खराब करने, समाज में भ्रम फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया गया है। प्रेस क्लब के अध्यक्ष सचिन अग्रहरि, संरक्षक जितेन्द्र मिश्रा, हाउसिंग बोर्ड सोसायटी अध्यक्ष मिथलेश देवांगन ने एसपी से आईपीसी की धारा 499, 500(मानहानि), धारा 153, 505 (अफवाह फैलाना, समाज में वैमनस्यता फैलाना) आईटी एक्ट की सुसंगत धाराएं के तहत अपराध दर्ज करने की मांग की है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज करने के साथ-साथ विधि सम्मत कार्रवाई करने की मांग सदस्यों ने की। एसपी से मुलाकात करने वालों में दीपांकर खोब्रागढ़े, किशोर सिल्लेदार, वीरेन्द्र बहादुर सिंह, प्रदीप मेश्राम, ईश्वर साहू, बसंत शर्मा समेत अन्य साथी शामिल थे।


