राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 फरवरी। श्री योग वेदांत सेवा समिति एवं पूज्य सिंधी पंचायत हेमू कालाणी नगर के तत्वावधान में लालबाग स्थित सिंधु भवन में मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। माता-पिता को ऊंचे आसन में बिठाकर उनकी पूजा-अर्चना और आरती की थाली लेकर आरती किया गया। आयोजन में पूज्य सिंधी पंचायत हेमू कालाणी नगर के अध्यक्ष मन्नुमल मोटलानी, पूर्व पार्षद गुरुमुखदास वाधवा, लोकचंद लहरवानी, आवतराम तेजवानी, अर्जुनदास पंजवानी, प्रकाश वाधवानी, लक्ष्मीचंद आहूजा सहित अन्य लोग शामिल थे।
श्री योग वेदांत सेवा समिति राजनांदगांव के अध्यक्ष रोहित चंद्राकर व कोषाध्यक्ष टीके चंद्राकर ने बताया कि वर्ष 2006 में 14 फरवरी को मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाने की पहल की, जो आज भारत सहित 200 देशों में इस दिवस को मना रहे है। पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष मन्नूलाल मोटलानी ने कहा कि हर माता-पिता का सपना होता है कि उनके बच्चे उनका आदर करें और जीवन में सफल होकर नाम रोशन करें । आज के समय में मातृ-पितृ पूजन जैसे कार्यक्रम बच्चों को पतन से उत्थान की ओर ले जा रहा है।
बाल संस्कार विभाग व युवा सेवा संघ के प्रमुख संजय साहू ने बताया कि आज के सुंदर आयोजन में बच्चों ने माता-पिता को आसन पर बिठाकर फूल-मालाएं, तिलक किया और हाथों में पूजा की थाली लेकर पूजा-अर्चना की, फिर माता-पिता ने बच्चों को हृदय से लगा लिया और शुभ आशीष दी। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव जोन में अब तक दो सौ अस्सी से अधिक स्थानों में मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम सम्पन्न किया जा चुका है तथा 14 फरवरी तक 500 स्थानों तक करने का लक्ष्य है।


