राजनांदगांव

प्रार्थना सभा में मतांतरण के आरोप पर हंगामा नांदगांव के मोतीपुर में हिन्दूवादी-विरोध
01-Feb-2026 7:53 PM
प्रार्थना सभा में मतांतरण के आरोप पर हंगामा नांदगांव के मोतीपुर में हिन्दूवादी-विरोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 फरवरी।
शहर के मोतीपुर के एक मकान में ईसाई प्रार्थना सभा में मतांतरण कराए जाने का आरोप लगाते हिन्दूवादी संगठनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। रविवार को मोतीपुर वार्ड नं. 2 के बड़ा तालाब स्थित एक मकान में प्रार्थना करने के लिए 30 से 40 लोग एकत्रित हुए थे। इसके बाद हिन्दूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने मकान के बाहर हंगामा किया। इस बीच पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी मिली। एएसपी कीर्तन राठौर और सीएसपी  वैशाली जैन समेत कोतवाली प्रभारी नंदकिशोर गौतम के अलावा अन्य पुलिस जवान मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में प्रार्थना सभा में उपस्थित लोग काफी डरे-सहमे हुए थे। विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता मतांतरण का आरोप लगाकर तत्काल प्रार्थना सभा के प्रमुख लोगों, और मकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाईश दी।
 हिन्दूवादी संगठन के शिव वर्मा ने स्पष्ट तौर पर मकान में प्रार्थना सभा की आड़ में मतांतरण की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस से तत्काल ऐसे लोगों के कृत्य पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
उधर ईसाई समुदाय के क्रिष्टोफर पाल ने प्रशासन से मांग करते कहा कि शहर में अवैध रूप से चल रहे चर्चों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन इसकी आड़ में नियमानुसार चल रहे चर्चों और ईसाई समुदाय की प्रार्थना सभा को बेवजह निशाने में रखना उचित नहीं है। श्री पाल का कहना है कि ईसाई समुदाय हर बार ऐसे हंगामे और विरोध से प्रताडऩा का दर्द झेल रहा है। प्रशासन को इस दिशा में उचित कार्रवाई करनी चाहिए। इसके बाद दोनों पक्षों को समझाईश देने के बाद मामला शांत हुआ।


अन्य पोस्ट