राजनांदगांव
मनरेगा संशोधन के खिलाफ युवा शक्ति का संंग्राम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 फरवरी। युवा कांग्रेस ने मनरेगा में प्रस्तावित संशोधनों के खिलाफ व्यापक आंदोलन की घोषणा की। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस द्वारा 12 फरवरी 2026 को रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में भव्य ‘युवा महा पंचायत’ का आयोजन किया जाएगा।
शनिवार को प्रेस क्लब राजनांदगांव में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान अखिल भारतीय शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के मार्गदर्शन में युवा कांग्रेस राजनांदगांव प्रभारी आदिल आलम खेरानी, सह-प्रभारी एनी पिटर, ग्रामीण प्रभारी संदीप बोरा सहित शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष गुरभेज सिंह माखीजा, जिला ग्रामीण युवा अध्यक्ष महेश सेन, प्रदेश महासचिव मानव देशमुख एवं प्रदेश सचिव पवन तिवारी ने आयोजन की विस्तृत जानकारी दी।
नेताओं ने बताया कि महा पंचायत में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब विशेष रूप से शामिल होंगे। युवा कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यह महा पंचायत प्रदेशभर के उन युवाओं को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है, जिन्होंने पंचायत से लेकर लोकसभा तक विभिन्न चुनावों में भाग लिया है। यह आयोजन विशेष रूप से 40 वर्ष से कम आयु के युवाओं के लिए समर्पित रहेगा। इसमें कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके युवाओं के साथ-साथ कांग्रेस विचारधारा से जुड़े निर्दलीय युवाओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। आयोजन में प्रदेशभर से लगभग 3000 युवाओं की सहभागिता का अनुमान है।
प्रेसवार्ता में स्पष्ट किया गया कि महा पंचायत में एसटी, एससी, ओबीसी एवं अल्पसंख्यक वर्ग के युवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही समाजसेवा और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े सक्रिय युवाओं को मंच प्रदान कर संगठन में सामाजिक प्रतिनिधित्व को और अधिक सशक्त किया जाएगा।
इस अवसर पर नेशनल ऑफिस बेयरर (एनओबी) फार्म के डिजिटल पोस्ट का विधिवत शुभारंभ भी किया गया। नेताओं ने कहा कि इस पहल से युवा ऑनलाइन माध्यम से सीधे राष्ट्रीय स्तर पर संगठन से जुड़ सकेंगे। जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। नेताओं ने कहा कि युवा महा पंचायत के माध्यम से मनरेगा संशोधन के खिलाफ युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा तथा चुनावी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा चुके युवाओं को आगे लाकर भविष्य में संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएगी।
प्रेसवार्ता में अभिमन्यु मिश्रा, ऋषि शास्त्री, सौरभ वैष्णव, संदीप सोनी, ऋषभ निर्मलकर, चंद्रशेखर मालेकर, महेंद्र सिंह, मुकेश निर्मलकर, शिवम गड़पाले, रवि साहू, दुर्गेश सिंह, ऋषभ जैन सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।


