राजनांदगांव

हार-जीत खेल का हिस्सा, इससे निराश के बजाय निरंतर प्रयास करना चाहिए- सिंह
02-Dec-2025 10:01 PM
हार-जीत खेल का हिस्सा, इससे निराश के बजाय निरंतर प्रयास करना चाहिए- सिंह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 दिसंबर।
खैरागढ़ जिले के ग्राम पंचायत मंडला में एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं खिलाडिय़ों में खासा उत्साह देखने को मिला। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह शामिल हुए। उनके आगमन पर आयोजकों ने बैच लगाकर सम्मानित किया और मंच पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों द्वारा फीता काटकर की गई। शुभारंभ के साथ ही मैदान में खिलाडिय़ों का जोश देखने लायक था। दर्शकों में भी खेल को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
समारोह को संबोधित करते जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने खिलाडिय़ों को खेल भावना के साथ खेल खेलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, इसलिए हारकर निराश होने के बजाय निरंतर  प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं को खेलों में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। श्री सिंह ने राज्य की भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।
उन्होंने बताया कि सीएम विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा, सांसद संतोष पांडे के नेतृत्व में केसीजी जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिससे ग्रामीण क्षेत्र में आवासीय सुविधा में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के उत्थान और आर्थिक मजबूती के लिए लगातार कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए वे सदैव प्रयासरत हैं। उन्होंने क्षेत्र में सडक़ों, शिक्षा, खेल एवं अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर काम करने की बात कही।


अन्य पोस्ट