राजनांदगांव

संगठन को मजबूत करने अध्यक्ष के दौड़ में शामिल रहे दावेदारों से मिले मुदलियार
02-Dec-2025 9:58 PM
संगठन को मजबूत करने अध्यक्ष के दौड़ में शामिल रहे दावेदारों से मिले मुदलियार

संगठन को मजबूत करने
अध्यक्ष के दौड़ में शामिल रहे दावेदारों से मिले मुदलियार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 दिसंबर।
राजनांदगांव शहर कांग्रेस के नए अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार पदभार सम्हालते ही कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सक्रिय हो गए हैं। उनका पहला मकसद पार्टी को पूरी तरह से गुटीय राजनीति से अलग करना है। वह इसी उद्देश्य को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के दावेदार रहे नेताओं से मेल-मुलाकात कर रहे हैं।
उन्होंने दावेदारों से पार्टी को एकजुट करने के लिए साथ चलने का आह्वान किया। मुदलियार ने नियुक्ति के पश्चात प्रमुख दावेदारों से उनके घर में मेल-मुलाकात की है। उन्होंने पार्टी की ताकत को सशक्त बनाने के लिए सभी से कंधे से कंधा मिलाकर चलने की गुजारिश की है। उन्हाोंने पूर्व महापौर हेमा देशमुख, नरेश डाकलिया, समेत सुदेश देशमुख, हफीज खान, मेहुल मारू व अमित चंद्रवंशी से मिलकर पार्टी के लिए संघर्ष करने व सत्तारूढ़ भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आग्रह किया।
मुदलियार के कांग्रेस शहर अध्यक्ष के पद पर नियुक्ति होने के बाद से पार्टी में उत्साह का संचार हुआ है। राजनीतिक रूप से कांग्रेस की सक्रियता बढ़ी है। पार्टी के निर्देश पर स्थानीय कांग्रेसियों ने पिछले एक-दो दिनों में राजनीतिक प्रदर्शन भी किए हैं। इस बीच मुदलियार ने दावेदारों के अलावा वरिष्ठ नेताओं से भी सहयोग मांगा है। बताया जा रहा है कि वह सभी को एक साथ लेकर सांगठनिक गतिविधियों को तेज करने की कोशिश कर रहे हैं। मुदलियार को उम्मीद है कि उनका यह प्रयास पार्टी को संगठित करने में सहायक सिद्ध होगा।


अन्य पोस्ट