राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 नवंबर। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में गौधाम योजना के संबंध में जिला स्तरीय समिति की बैठक ली। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने कहा कि गौधाम योजना के अंतर्गत पहले चरण में प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में गौधाम स्थापित किया जाना है। गौधाम में स्थानीय निकायों द्वारा निराश्रित घुमंतू पशु, जब्त गौवंशीय पशुओं को ही विस्थापित किया जाएगा।
योजना का उद्देश्य निराश्रित घुमंतू गौवंशीय पशुओं का वैज्ञानिक पद्धति से संरक्षण एवं संवर्धन, गौ उत्पाद को बढ़ावा देना, चारा विकास कार्यक्रम विकसित करना, प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में विकसित करना, जन-जन को गौसेवा के लिए प्रेरित करना, नस्ल सुधार करना, रोजगार उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर जिला स्तरीय समिति अशासकीय अध्यक्ष जीवनलाल जंघेल, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर, उप संचालक पशुधन विकास डॉ. अनूप चटर्जी, पशुधन विकास विभाग के अधिकारी, विकासखंड के अशासकीय सदस्य उपस्थित थे।


