राजनांदगांव

जिले में अब तक 6372 किसानों से 73.57 करोड़ की धान खरीदी
22-Nov-2025 4:26 PM
जिले में अब तक 6372 किसानों से 73.57 करोड़ की धान खरीदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 नवंबर
।  जिले में धान की खरीदी का कार्य जोरो पर है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत धान खरीदी महाभियान के तहत शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक के मान से धान खरीदी की जा रही है। जिले के किसानों में धान खरीदी को लेकर उल्लास एवं खुशी है।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशन में धान खरीदी के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। धान खरीदी कार्य के सुचारू संचालन के लिए इलेक्ट्रानिक तौल मशीन, पेयजल, छांव, बायोमैट्रिक डिवाईस मशीन, श्रमिक एवं अन्य व्यवस्था की गई है। आर्द्रता मापी यंत्र से किसानों के धान का परीक्षण किया जा रहा है। जिले के सभी 96 धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी की दर एवं सूची व फ्लैक्स लगाए गए है।
कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों की सतत निगरानी रखने तथा कोचियों एवं बिचौलियों से अवैध धान की खरीदी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। धान बिक्री के लिए किसान टोकन तुंहर हाथ मोबाईल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर रहे है। जिससे उनके समय की बचत हो रही है और उन्हें सुविधा मिल रही है। उल्लेखनीय है कि अब तक जिले में 6372 पंजीकृत किसानों से 73 करोड़ 57 लाख 73 हजार रुपए  मूल्य का 309327.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई है।


अन्य पोस्ट