राजनांदगांव
शहर कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 नवंबर। सरकार समर्थन मूल्य में धान खरीदी सहकारी समितियों के माध्यम से करती है। वर्तमान में सहकारी समितियों द्वारा अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जा रहा है।
कर्मचारियों के हड़ताल में जाने से धान खरीदी का कार्य पूरी तरह से प्रभावित हो चुका है। जिसका खामियाजा धान बेचने आए अन्नदाताओं को भुगतना पड़ रहा है। जबकि हड़ताल में जाने से पहले ही सहकारी समिति के कर्मचारी संघ ने सरकार को अवगत करा दिया था, पर उनकी मांगों और समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई सार्थक पहल अब तक नहीं की गई। उलटा उन समितियों के कर्मचारियों पर शासन का डंडा चल रहा है।
9 नवंबर 2021 को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय द्वारा कांग्रेस सरकार को पत्र लिखकर और डॉ. रमन सिंह के साथ कर्मचारियों के मंच में आकर सहकारी कर्मचारी संघ के पांच सूत्रीय मांगों का समर्थन देते कांग्रेस सरकार को कोसा था और आज उन्हीं सोसायटी प्रबंधक और सहकारी समिति के सदस्यों को बर्खास्त कर रहे हैं, डंडे चला रहे हैं। ये डॉ. रमन सिंह और विष्णुदेव साय की कार्यप्रणाली है। भाजपा के इस गहरे षडंयत्र के कारण धान खरीदी पूरी तरह से प्रभावित हो रही है। जिसको लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों द्वारा 18 नवंबर को राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।
शहर अध्यक्ष श्री छाबड़ा ने सौंपे ज्ञापन में कहा कि सहकारी समितियों के सदस्य अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। जिसके कारण धान खरीदी केन्द्र की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। किसानों को अपनी कृषि उपज बेचने के लिए भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।
शासन किसानों के प्रति संवेदनशील नहीं है, किसान कड़ी मेहनत व परिश्रम कर फसल उगाते हैं, लेकिन सरकार की अव्यवस्था के कारण उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। अब तो लगता है कि शासन की घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित कर रह गई है। जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पूर्व में इन सहकारी समिति के हड़ताल में अपना समर्थन देते कहा था कि कर्मचारियों की मांग जायज है और सरकार को तत्काल पूरा करना चाहिए, किन्तु आज जब उनकी सरकार है तो वे उन कर्मचारियों को प्रताडि़त कर बर्खास्त किया जा रहा है, उन पर दमनकारी नीतियों के चलते डंडा चलाया जा रहा है।
इस दौरान संभागीय प्रवक्ता कमलजीत सिंह पिन्टू, शहर उपाध्यक्ष विकास त्रिपाठी, मोहम्मद यहया, महामंत्री झम्मन देवांगन, अमित चंद्रवंशी, वरिष्ठ पार्षद हफीज खान, शकील रिजवी, सुरेन्द्र देवांगन, राजा यादव, किसान नेता उमेश साहू, रूपेश साहू, सुरेन्द्र गजभिए, मोहर्रम अली, निलेश ठावरे, जितेन्द्र सिन्हा, शौर्य वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।


