राजनांदगांव

बिरसा मुंडा की शहादत अविस्मरणीय- रमन
16-Nov-2025 4:47 PM
बिरसा मुंडा की शहादत अविस्मरणीय- रमन

वनवासी परिवारों को मिले 7 लाख आवास
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 नवंबर।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को पद्मश्री  गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात के नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में सम्मलित हुए। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधि वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े रहे।  विस अध्यक्ष डॉ. सिंह को वाईसन हॉर्न मुकुट पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया गया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को सामग्री का वितरण किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं महिलाओं को सम्मानित किया।

उन्होंने सभी को जनजातीय दिवस की शुभकामनाएं देते कहा कि आज देश के 700 जिलों में इस कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश पहुंच रहा है कि हम जननायक बिसरा मुंडा की शहादत को नहीं भुलेंंगे और उनकी याद को अक्षुण्य बनाए रखेंगे। अंग्रेजों के अन्याय के खिलाफ झारखंड में बिरसा मुंडा ने विद्रोह किया।

उन्होंने झारखंड के युवाओं को संगठित किया और अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। बिरसा मुण्डा को भगवान की उपाधि दी गई है और लोकगीत, लोककथाओं एवं जनश्रुतियों में उनका वर्णन मिलता है। उनकी अद्भुत शक्ति के कारण छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश एवं अन्य राज्यों में उनका व्यापक प्रभाव पड़ा। बिरसा मुण्डा के नेतृत्व में अंग्रेजों के खिलाफ वनवासी युवाओं ने विद्रोह कर युद्ध की घोषणा की, जिसे दबाने के लिए अंग्रेजों ने भीषण नरसंहार किया। बिरसा मुंडा ने देश के लिए अपनी शहादत दी। उनके संघर्षों को हम आज नमन करते हैं।

विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संकल्पना के अनुरूप वनवासी क्षेत्रों का विकास हो रहा है तथा दूरस्थ क्षेत्रों में सडक़ों का जाल बिछाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वनवासियों के लिए तेंंदूपत्ता संग्राहकों को 4000 से बढ़ाकर 5500 रुपए पारिश्रमिक कर दिया है। प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 12 हजार करोड़ रुपए की लागत से 18 लाख आवास बनाए गए, जिनमें से 7 लाख आवास वनवासियों को मिला है। इस अवसर पर समाज के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

कार्यक्रम में किरण वैष्णव, नीलू शर्मा, योगेशदत्त मिश्रा, प्रशांत कोड़ापे, बिरम मंडावी, गोपाल सिंह भुआर्य, अनिता मंडावी,देवकुमारी, सेवक उईके, कोमल सिंह राजपूत, सचिन बघेल, सुमित उपाध्याय, भावेश बैद, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, समाज के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट