राजनांदगांव
नए वर्ष में सर्वेश्वर दास हॉकी स्पर्धा की संभावना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 नवंबर। आगामी जनवरी माह में एक वर्ष के अंतराल के बाद पुन: महंत राजा सर्वेश्वर दास अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन पर चर्चा हुई है। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को महापौर मधुसूदन यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर जितेन्द्र यादव से शिष्टाचार भेंट की और प्रतियोगिता से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
प्रतिनिधि मंडल में छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, जिला हॉकी संघ के सचिव शिवनारायण धकेता, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी कुतबुद्दीन सोलंकी, रमेश डाकलिया, प्रकाश सांखला, नीलम चंद जैन, भूषण साव, छोटेलाल रामटेके, तीरथ गोस्वामी, प्रिंस भाटिया, रणविजय प्रताप सिंह, गणेश प्रसाद शर्मा, कुमार स्वामी, अरुण शुक्ला, अजय झा, प्रकाश शर्मा, मृणाल चौबे, अनीश रजा, महेंद्र सिंह ठाकुर, गुणवंत पटेल, शकील अहमद आदि शामिल थे। प्रतिनिधियों ने कलेक्टर को बताया कि यह प्रतियोगिता न केवल प्रदेश, बल्कि देशभर के साथ-साथ विदेश में भी अपनी प्रतिष्ठा के लिए जानी जाती है, जहां देश की नामी टीमें हिस्सा लेती है।
कलेक्टर यादव ने प्रतिनिधि मंडल को आवश्यक सहयोग और समर्थन का आश्वासन दिया तथा कहा कि प्रशासन इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में हर संभव सहायता करेगा।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि ऐसे प्रतिष्ठित हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन हमारे शहर के लिए गौरव की बात है।
इस प्रतियोगिता को देखने के लिए शहर की जनता आतुर रहती है। यह आयोजन न केवल खेल भावना को बढ़ावा देता है, बल्कि राजनांदगांव को राष्ट्रीय हॉकी मानचित्र पर उजागर भी करता है। छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने बताया कि राजनांदगांव की जनता इस बहुप्रतीक्षित आयोजन को लेकर उत्साहित है। जल्द ही आयोजन की तिथि, भाग लेने वाली टीमों और कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा की घोषणा की जाएगी।


