राजनांदगांव
चांद देखकर की पूजा-अर्चना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 अक्टूबर। करवा चौथ पर्व पर पति की दीर्घायु के लिए सुहागिन महिलाओं ने शुक्रवार को दिनभर निर्जला व्रत रखकर रात में चांद को देखकर व पूजा-अर्चना कर मंगल कामना की।
करवा चौथ पर्व के अवसर पर शुक्रवार को सुबह से देर शाम तक बाजार में चहल-पहल बनी रही। वहीं सुबह से करवा चौथ की पूजा-अर्चना के सामानों के लिए लोगों की व मंदिरों में सुहागिनों की भीड़ उमड़ी रही। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पति की दीर्घायु की कामना की। वहीं पर्व पर घर परिवार में कुशल मंगल की कामना भी महिलाओं ने की। वहीं महिलाओं ने शुक्रवार को पति की दीर्घायु के लिए सुबह से निर्जला व्रत रखकर देर शाम श्रृंगारित होकर चांद का दीदार कर पति की पूजा-अर्चना की। इस पर्व के लिए महिलाएं काफी उत्साहित भी दिखी।
बदली के बीच निकला चांद
करवा चौथ पर्व पर शुक्रवार को आसमान में बदली के बीच व्रतधारी महिलाओं को परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। आमसान में छाए बादल के बीच चांद की लुकाछिपी के बीच महिलाओं ने चांद को देखकर उसकी पूजा-अर्चना कर उपवास को पूरा किया।
बाजार में दिखी चहल-पहल
करवा चौथ पर्व को लेकर पूजन सामग्रियों की खरीदी के लिए बाजार में विवाहित महिलाओं की चहल-पहल नजर आई। बाजार में महिलाएं पूजा के लिए करवा, चुरा और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने सुबह से देर शाम तक बाजार में पहुंचने का क्रम बना रहा। स्थानीय गोलबाजार और जयस्तंभ चौक में लोग पूजन सामग्रियों की खरीदी के लिए चहल-पहल नजर आई। लोगों ने पूजन सामग्रियों की जमकर खरीदी भी की। इधर करवा चौथ और दीपावली पर्व की तैयारी को लेकर बाजार में कपड़े, आभूषण सहित सौंदर्य सामग्रियों की दुकानें सजकर तैयार है, जहां खरीदी के लिए महिलाओं की बेहतर उपस्थिति बन रही है।


