राजनांदगांव

निगम का संचालन स्पीकर हाउस से हो रहा- संतोष
10-Sep-2025 10:17 PM
निगम का संचालन स्पीकर हाउस से हो रहा- संतोष

कहा- महापौर की नहीं चल रही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 सितंबर।
नगर निगम राजनांदगांव की राजनीति में इस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने महापौर मधुसूदन यादव की भूमिका पर सवाल उठाते आरोप लगाया है कि नगर निगम का संचालन अब महापौर के हाथों में नहीं, बल्कि नांदगांव के स्पीकर हाउस से हो रहा है।

श्री पिल्ले ने कहा कि महापौर की पहले जैसी पकड़ अब निगम पर नहीं रह गई है। उन्होंने उदाहरण देते बताया कि हर साल गणेश उत्सव का पुरस्कार वितरण नगर निगम टाउन हॉल से आयोजित होता था, लेकिन इस बार यह कार्यक्रम स्पीकर हाउस से आयोजित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि छह अनुकंपा नियुक्ति आदेश भी स्पीकर हाउस से जारी किए गए, जो पूरी तरह अनुचित है। पिल्ले ने सवाल उठाया कि जब नगर निगम का अपना टाउन हॉल और कार्यालय मौजूद है तो नियुक्ति आदेश और सम्मान समारोह डॉ. रमन सिंह के बंगले से क्यों किए जा रहे हैं?  यदि डॉ. रमन सिंह नगर निगम में पहुंचकर यह सम्मान करते तो यह गौरव की बात होती।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वर्तमान स्थिति यह स्पष्ट दर्शाती है कि महापौर का निगम पर नियंत्रण नहीं है। नगर निगम की कार्यप्रणाली अब निगम के हिसाब से नहीं, बल्कि बाहरी दबाव में चल रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निगम की सामान्य सभा के दौरान सांसद और विधायक के लिए कुर्सी आरक्षित रखी जाती है, लेकिन वे स्वयं कभी उपस्थित नहीं होते केवल उनके प्रतिनिधि ही आते हैं। पिल्ले ने टाउन हॉल की ऐतिहासिक धरोहर का उल्लेख करते कहा कि इसे राजा-महाराजाओं ने शहर की जनता को सौंपा था, लेकिन आज इसकी उपेक्षा हो रही है और निगम की गतिविधियां कहीं और से नियंत्रित की जा रही है, जो कि अनुचित है।


अन्य पोस्ट