राजनांदगांव
नवाज के नेतृत्व में बघेल को बधाई देने उमड़ी भीड़, अकबर के समर्थकों ने वृद्धाश्रम में बांटे फल और मजार में चढ़ाई चादर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 24 अगस्त। प्रदेश के कांग्रेस दो दिग्गज नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व वन मंत्री मोहम्मद अकबर के जन्मदिन पर राजनांदगांव में उनके समर्थकों ने राजधानी रायपुर से लेकर राजनांदगांव में विविध आयोजन किए। आयोजनों के जरिये उनके समर्थकों ने अपनी खुशी का इजहार किया।
पूर्व सीएम बघेल के जन्मदिन पर कांग्रेस नेता व पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान के नेतृत्व में राजनांदगांव, खैरागढ़ के अलावा मोहला-मानपुर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बघेल से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। बघेल ने मौके पर केक काटकर नवाज का जहां मुंह मीठा कराया। वहीं समर्थकों को जन्मदिन पर बधाई देने के लिए आभार भी व्यक्त किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रूप से अपना जन्मदिन मनाया। राजनांदगांव जिले से रमेश खंडेलवाल, गोवर्धन देशमुख, विजयराज सिंह, संदीप सिंह, विनायक राव, मुकेश सहारे, राजकुमारी सिन्हा, अब्दुल खान, घनश्याम देवांगन, अजय मारकंडे, रवि साहू समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बघेल को बधाई दी।
इधर पूर्व वन एवं राजनांदगांव के पूर्व प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर के जन्मदिन पर रविवार को अलग-अलग आयोजन हुए। अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष व वरिष्ठ पार्षद हफीज खान व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रवीण मेश्राम के द्वारा स्थानीय वृद्धाश्रम में केक काटकर श्री अकबर के लंबी आयु और स्वस्थ होने की कामना की। वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच मौजूद कांग्रेसी नेताओं ने फल एवं मिठाई बांटे।
वृद्धजनों ने पूर्व मंत्री के दीर्घायु होने की ईश्वर से प्रार्थना की। इस बीच पार्रीनाला स्थित दरगाह में कांग्रेसियों ने चादर पेश की। चादर पेश करते हुए अकीदत के फूल पेश किए। मजार में मौजूद दीनहीन बंधुओं को खैरात भी बांटे। हर साल राजनांदगांव शहर में पूर्व मंत्री के जन्मदिन को सादगी से मनाया जाता है। इस दौरान प्रमुख रूप से पूर्व पार्षद अवधेश प्रजापति, समद खान, अभिमन्यु मिश्रा, जाकिर खान, अशोक शर्मा, जिवेन्द्र, विजय यादव, गोपी सिंह, अनीस खान, असीम शेख, अविनाश चौरे व फिरोज खान शामिल थे।


