राजनांदगांव
बसंतपुर पुलिस ने बोरी में रखे गांजा को किया बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अगस्त। एक सवारी बस से बोरी में गांजा लेकर तस्करी करने के इरादे से राजनंादगांव पहुंची रायपुर की एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रविवार को स्थानीय गुरुनानक चौक में एक यात्री बस से बोरी में गांजा लेकर उतरी महिला सप्लाई करने के लिए किसी का इंतजार कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि पुख्ता सूचना के आधार पर महिला को गांजा की खेप के साथ पकड़ा गया है। महिला आदतन गांजा तस्करी के कारोबार से जुड़ी हुई है। जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर की रहने वाली ममता पुरैना एक यात्री बस से आज सुबह शहर के गुरूनानक चौक के पास एक बोरी लेकर उतरी। इसके बाद वह बोरी में बैठकर किसी का इंतजार कर रही थी। पुलिस को भनक लग गई थी कि महिला 15 किलो गांजा लेकर शहर में पहुंची है। सूचना के आधार पर पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया। बाजार में गांजा की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी महिला के विरूद्ध पहले भी गांजा तस्करी का मामला बसंतपुर थाना में दर्ज है। पूर्व की प्रकरण में भी उसकी तलाश थी। पुलिस लंबे समय से महिला की गतिविधियों पर नजर रखी थी। आखिरकार महिला पुलिस के हत्थे चढ़ गई। बसंतपुर पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को भी महिला का मददगार होने के आरोप में गिरफ्तार किया है।


