राजनांदगांव

बोरतलाव के बागरेकसा जंगल में मिली शव की शिनाख्ती, मृतक ठेलकाडीह निवासी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 जून। डोंगरगढ़ पुलिस अनुभाग के बोरतलाव थाना क्षेत्र के बागरेकसा के जंगल में शुक्रवार को मिले शव की शिनाख्ती हो गई है। वहीं यह भी साफ हो गया है कि उक्त युवक की मौत हत्या के चलते हुई है। पुलिस एक संदेही की तलाश कर रही है। मृतक खैरागढ़ जिले के ठेलकाडीह का रहने वाला है। परिजनों ने शव की शिनाख्ती की है। मृतक का एक माह पूर्व विवाह हुआ था।
मिली जानकारी के मुताबिक बागरेकसा के जंगल में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिस्थितिजन्य आधार पर हत्या होने की आशंका जाहिर की। इसके बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने सोशल मीडिया और मीडिया के अलग-अलग ग्रुपों के जरिये मृतक के हाथ में लिखे नाम और अन्य पहचान को वायरल किया। जिसमें सूरज सेन नामक युवक के रूप में मृतक की शिनाख्ती हुई। परिजनों ने शव को देखकर उसकी पहचान की। इस बीच पुलिस ने एक संदेही की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
इस संबंध में डोंगरगढ़ एसडीओपी आशीष कुंजाम ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि मृतक की पहचान करा ली गई है। 5 जून से मृतक का मोबाइल बंद था। मोबाइल के जरिये पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होगा। बताया जा रहा है कि मृतक सूरज सेन का एक संदेही के साथ बागरेकसा के जंगल से गुजरने वाले दमउदहरा-मडियान मार्ग में झड़प हुई है। मौके पर खून के धब्बे मिले हैं। साथ ही आरोपी ने मृतक के सिर को पत्थर से कुचल दिया। जिससे उसका जबड़ा टूट गया था। वहीं अन्य अहम सुराग के आधार पर भी आरोपी की तलाश चल रही है। मृतक 23 साल का था। वहीं 5 मई 2025 को सहसपुर दल्ली की एक युवती से उसका विवाह हुआ था। पुलिस अलग-अलग बिंदुओं के आधार पर जांच कर रही है।