राजनांदगांव

पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पार्षद रितेश 6 साल के लिए निष्कासित
05-May-2025 6:32 PM
पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पार्षद रितेश 6 साल के लिए निष्कासित

कांग्रेस संगठन ने नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी विरोधी कार्य करने पर उठाया कदम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 मई।
मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप के तहत कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर ने वरिष्ठ पार्षद रितेश मेश्राम को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। मेश्राम पर आरोप है कि नगरीय निकाय चुनाव 2025 में उपाध्यक्ष चुनाव के दौरान उन्होंने अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ जाकर काम किया था। पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता करार देते हुए मेश्राम के खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई की है।  गौरतलब है कि उपाध्यक्ष पद के लिए पर्याप्त संख्या होने के बावजूद कांग्रेस को निकाय में हार का सामना करना पड़ा।

 

बताया जा रहा है कि मेश्राम ने क्षेत्रीय विधायक भोलाराम साहू के इशारे पर पार्टी के खिलाफ जाकर काम किया। संगठन ने पार्टी के निर्देशों और प्रभारियों के आदेशों का पालन नहीं करने के कारण मेश्राम को 6 साल के लिए निष्कासित किया है। पार्टी ने मेश्राम को इस बात के लिए भी चेताया है कि निष्कासन के दौरान किसी भी तरह की अधिकृत लेटरहेड, पहचान पत्र का वह उपयोग नहीं कर सकते। इस बीच कांग्रेस संगठन कुछ और नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकता है।


अन्य पोस्ट