राजनांदगांव

भाजपा शासन में पुरानी योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी, नई योजनाओं को लेकर भी संदेह -नीरज
27-Apr-2025 2:35 PM
भाजपा शासन में पुरानी योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी, नई योजनाओं को लेकर भी संदेह -नीरज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 अप्रैल।
शहर कांग्रेस दक्षिण ब्लॉक के महामंत्री नीरज कन्नौजे ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में भाजपा शासनकाल में योजनाओं के नाम पर अनेक भ्रष्टाचार हुए हैं। अब पुन: भाजपा की सरकार है। विकास निर्माण के नाम पर पुन: नई योजनाएं लाई जा रही है।

 नई योजनाओं का स्वागत करते शहर कांग्रेस दक्षिण ब्लॉक के महामंत्री नीरज कन्नौजे ने कहा कि पुरानी योजनाओं में जैसे बूढ़ासागर की योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी, वैसे ही नई योजनाएं भी भ्रष्टाचार की भेंट न चढ़ जाए। इस बात को लेकर संदेह हो रहा है। 16 करोड़ की बूढ़ासागर सौंदर्यीकरण योजना की जांच वर्षों बाद भी नहीं हुई है। यह शासन प्रशासन में भ्रष्टाचार की जड़ें मजबूत होने को प्रदर्शित करती है।

 

श्री कन्नौजे ने जारी बयान में कहा कि शहर में 16 करोड़ की बूढ़ासागर का सौंदर्यीकरण का मुद्दा राजनीति और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ाने के बावजूद जस की तस पड़ी है।  वार्डों में नाली निर्माण, करोड़ों की सडक़ निर्माण आदि में भी भ्रष्टाचार की बू आ रही है। सडक़ों के निर्माण में भ्रष्टाचार का पता पहले ही बरसात में चल जाएगा, क्योंकि सडक़ों के निर्माण के बाद एक भी बार जमकर बारिश नहीं हुई है। नालियों के निर्माण में पैसा बचाओ अभियान खूब चला हैद्ध पहले भी बनी कई नालियां समुचित ढलानयुक्त नहीं होने के कारण गंदा पानी ठहर जाता है। जिससे बदबू और मच्छर पनपते हैं। नगर निगम में इतने सारे इंजीनियर होते हुए भी तकनीकी गड़बडिय़ां होना बड़े-बड़े सवाल पैदा करता है। म्युनिसिपल स्कूल में लाल घास का भी मुद्दा उठाया। जिसमें भी जनता का पैसा भ्रष्टाचार के चलते बर्बाद हो गया, वहां से हरियाली ही गायब हो गई है, तार फेंसिंग भी टूट गई है, उद्यान विभाग द्वारा कराया गया यह काम अनेक सवाल खड़े कर रहा है।

 उद्यान विभाग और नगर निगम के अधिकारियों में आपसी तालमेल का आभाव होने से यह उद्यान जल्द ही उजड़ गया और रखरखाव नहीं हो पा रहा है। इससे खिड़कियों की तकलीफ  बढ़ गई है।


अन्य पोस्ट