राजनांदगांव

लगातार दूसरे दिन भी शिवनाथ उफान पर
11-Sep-2024 1:40 PM
लगातार दूसरे दिन भी  शिवनाथ उफान पर

मोहारा का पुराना पुल अब भी डूबा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 11 सितंबर।
जिले में चौतरफा हुई मूसलाधार बारिश से नदी-नाले अब भी उफान पर हंै। शिवनाथ नदी की धार काफी तेज है, वहीं सहायक नदियां पैरी की भी रफ्तार बरकरार है।  पिछले दो दिनों से रिकार्डतोड़ बारिश दर्ज की गई है। शिवनाथ नदी तट पर बसे गांवों में बाढ़ के हालात से निपटने प्रशासन ने प्रयास शुरू कर दिया है। 

शहर के मोहारा स्थित पुराना पुल अब भी पानी में डूबा हुआ है। खेत-खलिहानों से पानी छोडऩे के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। बाढ़ के हालात बनने से दर्जनों गांव टापू में तब्दील हो गए हैं। इसके साथ ही कई बस्तियां भी पानी में डूबा हुआ है। 

इधर, प्रभावित इलाकों के लोगों शिविर में शिफ्ट किया गया है। मूसलाधार बारिश के चलते मोहारा का पुराना पुल जहां पानी में डूबा हुआ है, वहीं नए पुल से करीब 3 फीट नीचे चल रहा है। 
शहरी समेत ग्रामीण इलाकों के लोग नदी की रफ्तार देखने पहुंचने लगे हैं, वहीं पुलिस टीम भी पुल पर आवागमन करने और पुल में नहीं ठहरने को लेकर अलर्ट कर रही है। 

बाढ़ की संभावना के मद्देनजर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा राजनांदगांव, छुरिया, डोंगरगढ़, डोंगरगांव विकासखंड एवं नदी के तटीय क्षेत्रों में लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते मुनादी कराया जा रहा है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति को देखते जनसामान्य से अपील की है कि नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में न जाए। उन्होंने एसडीएम एवं एसडीओपी एवं अन्य अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को तटवर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध तथा मुनादी कराने के लिए कहा।

सेल्फी लेने में व्यस्त दिखे लोग
मोहारा स्थित शिवनाथ नदी का नया पुल से करीब 3 से 4 फीट नीचे पानी बहने और नदी के उफान को लेकर लोग नदी किनारे नजारा देखने पहुंचने लगे हैं, वहीं कुछ लोग नए पुल में खड़े होकर सेल्फी लेने व्यस्त नजर आए, जिसे मौजूद पुलिस के जवान लोगों को पुल में नहीं खड़े होने को लेकर समझाईश भी दे रही है, लेकिन लोग नदी का नजारा मोबाइल में कैद करने व्यस्त दिखे। बताया जा रहा है कि बड़े वाहनों के आवागमन के दौरान नया पुल भी हिलने और बड़ी घटना की आशंका को लेकर पुलिस जवान सतर्क नजर आ रही है।

बाढग़्रस्त मोहरा बस्ती में पहुंचे पूर्व सांसद अभिषेक
शिवनाथ नदी के तटीय बस्ती मोहारा में बाढ़ के हालात का जायजा लेने के लिए पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने बस्ती का मुआयना किया। घुटनेभर पानी में सिंह ने बस्ती के लोगों के बीच जाकर बाढ़ से उत्पन्न स्थिति को लेकर जानकारी ली।

बाढ़ प्रभावितों को भेजा गया सुरक्षित स्थान
मिली जानकारी के अनुसार डोंगरगढ़ में खातूटोला बैराज से लगभग 20 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिसके कारण एलबी नगर के नारायणगढ़, छुरिया विखं के हालेकोसा, बनियाटोला, रंगीटोला, मगरढोकरा बापूटोला, बिसाहूटोला एवं डोंगरगढ़ विखं के ग्राम रामपुर, डोंगरगांव विखं के ग्राम आलीखुंटा, आरगांव के तटीय क्षेत्र पानी छोडऩे के कारण प्रभावित हुए हैं। 

इसी तरह बागनदी, मोंगरा बैराज से भी पानी छोड़ा गया है। बाढ़ प्रभावितों को सुरक्षित स्थान में भेजा गया है। तहसील लालबहादुर नगर में 2 ग्राम चिचोला, नारायणगढ़ के लोगों को प्राथमिक शाला चिचोला में शिफ्ट किये जाने हेतु 2 शिविर एवं रामपुर में 1 राहत शिविर चलाया जा रहा है। 

नारायणगढ़ के पंचायत भवन में 50 व्यक्ति एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में 15 व्यक्ति को ठहराया गया है। रामपुर के प्राथमिक शाला में 60 व्यक्तियों को ठहराया गया है। तहसील डोंगरगांव में आरगांव, आलीखूंटा में बाढ़ की स्थिति है। चार घर प्रभावित होने के कारण अन्य स्थान पर शिफ्ट किया गया है। आसरा, बमनी भाटा आरगांव प्रत्येक ग्राम में 2 राहत शिविर चलाया जा रहा है। 

तहसील डोंगरगढ़ में ग्राम बाघनदी में फंसे दोनों सिक्योरिटी गार्ड को सुरक्षित निकाला गया। भंडारपुर मे 2 राहत शिविर चलाया जा रहा है। तहसील छुरिया में ग्राम बापूटोला, हालेकोसा, बनियाटोला, रंगीटोला मगर धोखरा में प्रत्येक ग्राम में 2 राहत शिविर चलाया जा रहा है। लगभग 25 से 30 घर बाढ़ से प्रभावित हंै, स्कूल में रूकने की व्यवस्था की गई है। ग्राम हालेकोसा में 15 घर बाढ़ की चपेट में आए हैं, जिनकी सुरक्षा के लिए कार्य किया जा रहा है। डोंगरगांव विखं के ग्राम आरगांव में बाढ़ की स्थिति है। 4 घर प्रभावित होने के कारण अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा है।

मोंगरा से छोड़ा  72 हजार क्यूसेक पानी
मिली जानकारी के अनुसार अब तक जिले में 7457.5 मिली मीटर वर्षा हुई है। जिले के तहसील की औसत वर्षा 1216.3 मिमी है। जिले में इस वर्ष चालू मानसून वर्ष में 1 जून 2024 से अब तक औसत 1065.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। मोंगरा बैराज से 72000 क्यूसेक, सुखानाला बैराज से 43000 क्यूसेक, घुमरिया नाला से 11914 क्यूसेक, खातूटोला से 20208 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। गौरतलब है कि पिछले 24 घंटे में 1071.8 मिली मीटर वर्षा हुई है। राजनांदगांव जिले के सभी 7 तहसीलों में पिछले 24 घंटों में औसत 153.1 मिमी बारिश हुई। जिले सर्वाधिक वर्षा लाल बहादुर नगर तहसील में 241 मिमी दर्ज की गई। भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी अनुसार पिछले 24 घंटों में डोंगरगढ़ तहसील में 189.3 मिमी, लाल बहादुर नगर तहसील में 241 मिमी, राजनांदगांव तहसील में 153.1 मिमी, घुमका तहसील में 105.5 मिमी, छुरिया तहसील में 154.2 कुमरदा तहसील में 80 मिमी एवं डोंगरगांव तहसील में 148.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
 

 


अन्य पोस्ट