राजनांदगांव

धान खरीदी की रखें पूरी तैयारी- कलेक्टर
30-Oct-2022 2:56 PM
धान खरीदी की रखें पूरी तैयारी- कलेक्टर

मुख्यालय में रहेंगे सोमवार को सभी पटवारी

राजनांदगांव, 30 अक्टूबर। कलेक्टर डोमन सिंह ने शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर ने सिंह ने कहा कि एक नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के लिए धान खरीदी की पूरी व्यवस्था रखें। धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होना चाहिए। इसके लिए पेयजल, छांव एवं अन्य समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आद्र्रता मापी यंत्र, कांटा बाट, बारदाना, ड्रेनेज व्यवस्था, फ्लैक्स एवं बैनर, सहित अन्य व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्यों के चेक पोस्ट पर विशेष निगरानी करनी की आवश्यकता है। कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध धान परिवहन होने पर सभी एसडीएम कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने समिति के प्रबंधक के हड़ताल को देखते वहां समन्वय करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने धान उपार्जन केन्द्रों में ट्रायल रन के बारे में जानकारी ली।

कलेक्टर ने श्री सिंह ने कहा कि गोधन न्याय योजना शासन की महत्वाकांक्षी योजना है। सभी गौठानों में  गोधन न्याय योजना के तहत शत-प्रतिशत गोबर खरीदी करने के कार्य में गति लाएं। इससे गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की आय बढ़ेगी। कलेक्टर ने कहा कि अनुविभाग स्तर पर पर राजस्व संबंधी समस्याओं के शीघ्र निवारण के लिए विशेष कार्य करने की जरूरत है। सोमवार को सभी पटवारी मुख्यालय में रहें। एसडीएम सभी पटवारियों एवं सचिवों की बैठक लें तथा कार्यों में गति लाएं। जनसामान्य को नामांतरण, बटवारा, सीमांकन जैसे राजस्व संबंधी प्रकरणों में दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जनसमस्या निवारण शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने चिटफंड कंपनी से निवेशकों को राशि की वापसी के लिए आवेदनों के सत्यापन तथा वितरित की गई राशि के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि शासन के नियमानुसार सामाजिक संस्थाओं को भूमि का आबंटन किया जाना है। इसके लिए सभी एसडीएम को समाज प्रमुखों की बैठक लेने के लिए निर्देशित किया।  इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, संयुक्त कलेक्टर इंदिरा देवहारी, एसडीएम अरूण वर्मा, तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता आदि उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट