रायपुर
रायपुर, 17 मई 2026। ऑनलाइन औषधियों की बिक्री के विरोध में विभिन्न केमिस्ट संगठनों द्वारा 20 मई को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ ने राज्य में आवश्यक दवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन ने सभी जिलों के अधिकारियों को जीवनरक्षक दवाओं, आपातकालीन स्वास्थ्य उत्पादों और चिकित्सकीय सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शासकीय जनऔषधि केन्द्रों, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, शासकीय अस्पतालों, नर्सिंग होम्स और अन्य औषधि वितरण केन्द्रों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा गया है, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने छत्तीसगढ़ केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन को भी पत्र भेजकर आग्रह किया है कि विरोध कार्यक्रम के दौरान जनहित और रोगी सेवा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दवाओं और स्वास्थ्य उत्पादों की आपूर्ति जारी रखें।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे घबराहट में अनावश्यक दवाओं का संग्रहण न करें। नियमित दवा लेने वाले मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श अनुसार आवश्यक दवाएं पहले से लेकर रखने की सलाह दी गई है। आपातकालीन स्थिति में शासकीय अस्पतालों, जनऔषधि केन्द्रों और अन्य उपलब्ध औषधि केन्द्रों से दवाएं प्राप्त की जा सकेंगी।
राज्य शासन ने कहा है कि जनस्वास्थ्य और रोगी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


