रायपुर

अभनपुर में गौण खनिज राशि आवंटन पर विवाद
06-May-2026 1:59 PM
अभनपुर में गौण खनिज राशि आवंटन पर विवाद

 जनपद सदस्यों ने की सचिव से शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 6 मई।
रायपुर जिले के जनपद पंचायत अभनपुर में वित्तीय वर्ष 2021-22 की गौण खनिज मद की राशि के आवंटन को लेकर विवाद सामने आया है। जनपद के 11 निर्वाचित सदस्यों ने पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव से मंत्रालय में मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को आयोजित जनपद पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में आवंटन से संबंधित एक सूची प्रस्तुत की गई। उनका कहना है कि इस सूची पर विस्तृत चर्चा नहीं हुई और सदस्यों से सुझाव या आपत्तियां नहीं मांगी गईं।

सदस्यों का यह भी दावा है कि सूची पहले से तैयार थी, जिसमें विभिन्न ग्रामों के लिए राशि निर्धारित की गई थी। उनके अनुसार, इससे आवंटन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्न उठते हैं।
गौण खनिज मद के उपयोग को लेकर सदस्यों ने कहा कि सामान्यत: यह राशि खनन से प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए उपयोग की जाती है। उनका आरोप है कि आवंटन में प्रभावित ग्रामों को प्राथमिकता नहीं दी गई और कुछ अन्य ग्रामों को अधिक राशि दी गई।

सदस्यों के अनुसार, बैठक के दौरान जब उन्होंने आपत्ति जताई, तो अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) द्वारा प्रस्ताव को बहुमत से पारित घोषित कर दिया गया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मतदान प्रक्रिया स्पष्ट नहीं थी और विरोध दर्ज करने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला।
मामले को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय में ज्ञापन सौंपते हुए जांच की मांग की है। ज्ञापन में आवंटन प्रक्रिया की जांच, संबंधित प्रस्ताव को निरस्त करने, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और राशि के पुन: निर्धारण जैसी मांगें शामिल हैं।
इस संबंध में जनपद अध्यक्ष या प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


अन्य पोस्ट