रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 फरवरी। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत लगातार तीसरे दिन व्यापक कार्रवाई की गई।
डॉ. संजीव शुक्ला (पुलिस कमिश्नर) और डॉ. गौरव कुमार सिंह (जिला कलेक्टर) के आदेशानुसार, नगर पालिक निगम आयुक्त विश्वदीप एवं यातायात एसपी अजय कुमार के निर्देश में यह अभियान चलाया गया। अभियान में एएसपी यातायात विवेक शुक्ला सहित नगर निगम और यातायात विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।
प्रमुख बाजार क्षेत्रों में कार्रवाई
जोन 4 क्षेत्र अंतर्गत जयस्तंभ चौक, मालवीय मार्ग, बैजनाथपारा रोड और रहमानिया चौक रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे सडक़ पर कब्जा न करें, अन्यथा सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान सडक़ पर अवैध रूप से खड़े लगभग 10 ठेलों को जब्त किया गया।
इसके अलावा पचपेड़ीनाका चौक से संतोषी नगर चौक तक नगर निगम की उडऩदस्ता टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचआई) के साथ मिलकर कार्रवाई की। सडक़ पर अतिक्रमण करने वाले लगभग 15 दुकानदारों पर 27,000 रुपए का ई-चालान किया गया और भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी दी गई।


