रायपुर
निषाद समाज युवक-युवती परिचय सम्मेलन, आदर्श विवाह, शपथ ग्रहण, सम्मान समारोह
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 9 फरवरी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा-आदर्श विवाह से फिजूल के खर्चों से मुक्ति मिलती है। निषाद समाज की यह पहल सराहनीय है। समाज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।
24वां राज्य स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन, आदर्श विवाह, शपथ ग्रहण , सम्मान समारोह 8 फरवरी को खेल मैदान, ग्राम फुंडहर, वीआईपी रोड रायपुर में हुआ। आयोजन छत्तीसगढ़ निषाद केवट समाज प्रदेश संगठन और समस्त जिला निषाद समाज के तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर, उत्तरप्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र के भी निषाद समाज के सम्मानीय अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम में भगवान श्री रामचंद्र, सीता माता, भाई लक्ष्मण, महाराजा गुहा निषादराज की पूजा-अर्चना की गई। पश्चात 9 जोड़ों की पूरे विधि विधान से आदर्श विवाह कराई गई। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं, खेल साहित्य कला उत्कृष्ट प्रतिभाओं को अतिथियों के द्वारा सम्मानित किया गया। निषाद समाज के संयोजक और 3 बार के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष स्व राम प्यारा पारकर की पत्नी बृज कुमारी पारकर का भी सम्मान किया गया।
वैवाहिक पत्रिका जीवन साथी का विमोचन किया गया। इस अवसर पर रक्तदान शिविर और नि:शुल्क एक दिवसीय इलेक्ट्रो होम्योपैथी शिविर का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल थे। अध्यक्षता छत्तीसगढ़ निषाद केवट समाज अध्यक्ष एवं गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने की। अति विशिष्ट अतिथियों में राज्यसभा सांसद उत्तरप्रदेश बाबू राम निषाद, वी के कश्यप जी श्रृंगवेरपुर के राजा एवं उनकी पत्नी, राष्ट्रीय संत गोपाल नंद गिरी महाराज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अ.भा.आ. समन्वय समिति दर्शन मेहरा, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू राम निषाद, राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष भरत लाल मटियारा, उपाध्यक्ष लखन लाल धीवर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा मछुआ प्रकोष्ठ सह संयोजक आनंद निषाद आदि शामिल रहे।
श्री बघेल ने निषाद केवट समाज प्रदेश संगठन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। साथ ही नव दंपति 9 जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
अन्य अतिथियों ने कहा कि निषाद समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है। आज समाज सभी क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। शिक्षा पर बल दिया। समाज की एकता पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को मुश्किलों का डटकर सामना करने का आह्वान किया।
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने समाज के निर्माणाधीन छात्रावास के लिए सहयोग के लिए 10-10 लाख की घोषणा की। समाज के बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया। युवक-युवतियों ने अपना परिचय दिया।
इस अवसर पर प्रदेश के समाजिक वरिष्ठ पदाधिकारी युवा बंधु महिलाएं भारी संख्या उपस्थित रहे।



.jpg)


