रायपुर

तेज रफ्तार कार ने आटो और एक अन्य कार को ठोका, दो घायल
02-Jan-2026 5:19 PM
तेज रफ्तार कार ने आटो और एक अन्य कार को ठोका, दो घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 जनवरी।  
तेज रफ्तार कार ने राह चलते एक अन्य कार और आटो को मारी जोरदार टक्कर। इस घटना में आटो ड्राइवर को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आटो में बैठे यात्री को भी चोटें आई हैं। वहीं दूसरी कार को भी क्षति पहुंची है। इस मामले में लापरवाही पूर्वक कार ड्राइविंग की कार्रवाई की जा रही है।

गुरुवार शाम को श्री राम मंदिर के आगे तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे ई रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित होने के बाद स्विफ्ट कार से जा टकराई। हादसे में ई रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसका पैर बुरी तरह कुचला और कटकर अलग भी हो गया. जबकि कार में सवार लोग और सडक़ से गुजर गए कई दुपहिया सवार बाल-बाल बच गए।हादसे के बाद भी कार चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और तेजी से वीआईपी चौक की ओर फरार हो गया।

नववर्ष का पहला दिन होने के कारण श्रीराम मंदिर के आसपास भारी भीड़ थी और वहां ट्रैफिक- पुलिस के अधिकारी और जवान भी तैनात थे। हादसे के बाद वीआईपी रोड पर जाम लग गया। क्षतिग्रस्त ई रिक्शा में ड्राइवर फंसा हुआ था। दूसरी कार भी क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। टीआई तेलीबांधा अविनाश सिंह ने बताया कि घायल की हालत गंभीर है। इसलिए उसे तुरंत अस्पताल रवाना किया गया? उसका नाम स्पष्ट नहीं हो पाया है।


अन्य पोस्ट