रायपुर

धान परब: हड़ताल-बर्खास्तगी के बीच खरीदी शुरू, कई जगह बारदाना, टोकन नहीं
15-Nov-2025 7:32 PM
 धान  परब: हड़ताल-बर्खास्तगी के बीच खरीदी शुरू, कई जगह बारदाना, टोकन नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 नवंबर। सहकारी समिति के प्रबंधकों की हड़ताल, बर्खास्तगी के बीच पूरे प्रदेश की तरह राजधानी जिले में भी आज से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ हो गया है। यह साय सरकार के कार्यकाल की तीसरी खरीदी सीजन है। जो 31 जनवरी तक नगद और उसके बाद 15 फरवरी तक लिंकिंग में होगी। सरकार ने इस बार 160 टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सरकार ने अपनी प्रतिभूतियों को बेचकर 11200 करोड़ का लोन  मार्कफेड को दिया है।

 इस बीच किसान उत्साह के साथ उपार्जन केंद्रों में पहुँचकर अपना धान विक्रय कर रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से मॉइश्चर मीटर, तौल उपकरण, बारदाना, टोकन प्रणाली सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। ग्राम गनियारी सहित विभिन्न उपार्जन केंद्रों में तौल पूजा के साथ धान खरीदी कार्य विधिवत प्रारंभ हुआ, जिससे खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है। अभनपुर समिति में भी किसान धान खरीदी केंद्र में पहुंचे।

 ग्रामीण सेवा सहकारी समिति केंद्री में आज परंपरागत विधि से तौल तराजू की पूजा कर धान खरीदी की विधिवत शुरुआत की गई। उपार्जन केंद्र में पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।  आरंग क्षेत्र के ग्राम भैंसा, आमदी और खोरसी, पचरी  रीवा भींभौरी, तिल्दा  पारागांव, आरंग समेत जिले के  सभी केंद्रों में भी खरीदी हो रही हैकी सेवा सहकारी समितियों में भी खरीदी शुरू हो गई। उपार्जन केंद्रों में आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे किसानों को सुगम एवं व्यवस्थित प्रक्रिया के साथ धान बेचने की सुविधा मिल रही है।

अत्यावश्यक सेवा घोषित

इस बीच राज्य शासन के गृह विभाग ने धान खरीदी को अत्यावश्यक सेवा घोषित किया है। विभाग ने धान खरीदी कार्य में संलग्न कर्मचारियों को इससे इंकार करने पर प्रतिषेध किया है।यह आदेश 15 नवंबर से 31 जनवरी तक प्रभावशाली किया गया है। ऐसा आदेश बीते 24 वर्षों में पहली बार जारी किया गया है।

इस बीच समिति प्रबंधकों की हड़ताल जारी है। सभी जिलों के हजारों प्रबंधक पांचों संभाग मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। कल अत्यावश्यक सेवा घोषित करने के बाद सहकारिता विभाग ने। प्रबंधकों को बर्खास्त करना भी शुरू कर दिया है। अब तक 18 प्रबंधकों को निलंबित किया गया है। इनमें गनियारी रायपुर के कौशल वर्मा, महासमुंद के रामकुमार वर्मा भी शामिल हैं।

यहां अलग नजारा: इधर राजधानी के दक्षिणी हिस्से के ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के सेजबहार और दतरेंगा दोनों केंद्र में खरीदी  शुरू नहीं हुई। दतरेंगा में किसान पहुंचे टोकन लेने लेकिन कर्मचारी गायब मिले ।वही सेजबहार में भी यही स्थिति दिखी।  इतना ही नहीं पूरे केंद्र में बार थाने भी नजर नहीं आए। किसान सोमवार से खरीदी में गति आने की उम्मीद लगा रहे है।

अभनपुर में कावरे ने खरीदी शुरू कराई

अभनपुर सेवा सहकारी समिति में आज संभागायुक्त  महादेव कावरे ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत की। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद किसानों से धान खरीदी प्रक्रिया शुरू की गई।


अन्य पोस्ट