रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 नवंबर। होम डिलीवरी एप फर्म ब्लिंकिट के सभी पांच सौ से अधिक कर्मचारी दूसरे दिन गुरुवार को भी हड़ताल पर रहे। इससे इस फर्म के राजधानी स्थित सभी 10 स्टोर से सामानों की डिलीवरी ठप हो गई है। यह फर्म कच्चे पके खाद्यान्न और अन्य सभी तरह के सामानों की होम डिलीवरी करता है।
इस हड़ताल से दूध-दही, सब्जी-फल जैसे हजारों के पेरिशिएबल सामान खराब हो रहे हैं। वहीं अन्य सामान भी स्टोर में जाम हो गए हैं। हालांकि स्टोर मैनेजर न?ए लडक़ों या अन्य डिलीवरी ब्वाय की मदद से सप्लाई के प्रयास कर रहे हैं। ब्लिंकिट स्टाफ की इस हड़ताल और उनकी मांगों को लेकर अन्य डिलीवरी एप के प्रबंधन भी सकते में हैं। कुछ इसी तरह की व्यवस्था उनके यहां भी है। इसकी आंच उन तक भी पहुंच सकती है।
बहरहाल ब्लिंकिट स्टाफ ने आज श्रम अधिकारी के यहां भी शिकायत दर्ज कराई है। इसमें वेतन के रूप में मिलने वाले डिलीवरी चार्जेस में कटौती, 10 मिनट में डिलीवरी की बाध्यता, इससे हो रही दुर्घटनाओं की क्षतिपूर्ति न करने की शिकायत की गई है।
कंपनी ने अब तक दिए जा रहे 15 रूपए प्रति किमी के डिलीवरी चार।जो को 7-8-9 रूपए कर दिया है। जो अपर्याप्त है। उनका कहना है कि वे लोग दिन के 15 घंटे में कुल 100-125-150 किमी घूम कर 45-50 पार्सल हैंडलिंग करते हैं। इसमें उनके 300-500 रूपए पेट्रोल पर खर्च होते हैं और अंत में उनके हाथ बहुत कम रकम बच पाती है जिसे वेतन कहा जाता है। इससे पहले कल इन्होंने सिविल लाईन थाने में शिकायत दी थी। इस बीच कर्मचारी, आज भी काम बंद कर बीटीआई मैदान में जमा हुए हैं।


