रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 नवंबर। सिविल लाइन पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दो के खिलाफ फर्जी वसीयत तैयार कर संपत्ति हड़पने का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कुमारी आकांक्षा बेग के न्यायालय से प्राप्त परिवाद के आधार पर की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक राजू उंबरकर 65 वर्ष एवं शुभम उंबरकर, निवासी न्यू शांति नगर, रायपुर ने न्यायालय में याचिका दायर करते हुए आरोप लगाया था कि स्व. लक्ष्मण माने की मृत्यु के बाद आरोपियों ने फर्जी वसीयत बनाकर संपत्ति अपने नाम कराने का प्रयास किया।
परिवाद में बताया गया कि स्वर्गीय लक्ष्मण माने ने अपने जीवनकाल में शुभम उंबरकर को अपना मानस पुत्र माना था। 11 दिसंबर 2021 को उनके पक्ष में एक वसीयतनामा किया था। इसके आधार पर 5 जनवरी 2024 को शुभम उंबरकर का नाम भूमिस्वामी के रूप में दर्ज भी कर लिया गया था।
इसके बावजूद निलेश कुमार, रविकांत और सुशिला माने, निवासी न्यू स्टेट बैंक कॉलोनी, वर्धा महाराष्ट्र ने अदालत में 28 अप्रैल 2022 की एक कथित वसीयत प्रस्तुत किया गया। इस संबंध में न्यायालय ने शिकायत को संज्ञान में लेकर पुलिस को अपराध पंजीबद्ध करने का निर्देश दिया। पुलिस ने धारा 175(3) भारतीय सुरक्षा अधिनियम, 2023 सहपठित धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।


