रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 अक्टूबर। श्री जैतू साव मठ व दुद्धाधारी मठ में गोवर्धन पूजा धूमधाम से मनाई गई। गौ माताओं और गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर उसकी विधिवत पूजा अर्चना की गई। ठाकुर जी मे 56 भोग लगाया गया।
श्रद्धालु भक्तों ने गौमाता के गोबर से एक- दूसरे को तिलक लगाया और गौ वंश के वृद्धि की कामना की। महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास महाराज ने बताया कि श्रीमद् भागवत महापुराण में भगवान श्री कृष्ण चंद्र जी द्वारा इंद्र के अहंकार को चूर-चूर करने के लिए इस पूजन का आयोजन बृजवासियों ने भगवान श्री नारायण के अंसावतार भगवान कृष्ण चंद्र जी की अगुवाई में पूरा किया था। तब से यह पर्व हमारे पूर्वज परंपरागत रूप से मनाते आ रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि- गोवर्धन पूजा के साथ-साथ अन्नकूट यह हमारी सनातन परंपरा का अंग है। कार्यक्रम में ट्रस्ट कमेटी के सदस्य अजय तिवारी महेंद्र अग्रवाल, सुरेश शुक्ला, रमेश यदु, चंद्रकांत यदु ,जगन्नाथ अग्रवाल, पुजारी सुमित तिवारी , मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव, हर्ष दुबे सहित गणमान्य नागरिक सम्मिलित हुए।


