रायगढ़

होलिका दहन, 4 को खेलेंगे होली
03-Mar-2026 10:45 PM
होलिका दहन, 4 को खेलेंगे होली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 3 मार्च। इस साल होली की तारीख को लेकर लोगों में बड़ा भ्रम फैल गया है। कोई 3 मार्च तो कोई 4 मार्च को होलिका दहन बता रहा हैं। दरअसल, ये सारी कन्फ्यूजन होली के समय लग रहे चंद्र ग्रहण और भद्रा काल के कारण हो रही है। इस वर्ष होली पर्व पर चंद्रग्रहण और भदराकाल का साया होने के कारण रायगढ़ में सोमवार की देर रात डेढ बजे शुभ मुहर्त में होलिका दहन हुआ। वहीं मंगलवार की सुबह से चंद्रग्रहण के कारण इस दिन होली न खेलकर 4 मार्च को होली खेली जाएगी।

होली के दौरान लगने वाला चंद्र ग्रहण भारत में भी दिखने वाला है इसलिए लोग इसे लेकर और भी ज्यादा गंभीर हो गये हैं। ऐसे में महामाया पंचांग के अनुदार इस साल 2 और 3 मार्च की दरमियानी रात होलिका दहन करना ज्यादा सही रहेगा। ज्योतिष शास्त्र और निर्णय सिंधु ग्रंथ के आधार पर 2 मार्च को फाल्गुन शुक्ल चतुर्दशी है तथा इस तिथि पर भद्रा भी पड़ रही है। भद्रा का समापन रात के समय होगा इसलिए भद्रा समाप्त होने के बाद या भद्रा पुंछ काल में होलिका दहन किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि 2 मार्च की मध्यरात्रि 12 बजकर 50 मिनट से 2 बजकर 2 मिनट के बीच होलिका दहन का श्रेष्ठ मुहूर्त रहेगा। चंद्र ग्रहण समाप्त होने के बाद अगले दिन यानी 4 मार्च को धुलंडी यानी रंग वाली होली खेली जाएगी। इस वर्ष भी हमेशा की तरह होली पर्व के लिये शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गो पर रंग गुलाल की दुकानें सज चुकी है वहीं नटवर स्कूल मैदान में होली सामान के लिये बड़ा मार्केट लगाया गया है।

होली के समय होने वाले हुडदंग के मद्देनजर कल रायगढ़ पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकालकर शांति व सौहार्द से होली मनाने की अपील की। रायगढ़ में प्रमुख रूप से पिछले कई दशकों से शहर के बुजी भवन चौक, गौरीशंकर मंदिर चौक और शहीद चौक में होलिका दहन का कार्यक्रम भव्य रूप से मनाया जाता है। इसी तरह शहर के अन्य चौक-चौराहों में भी छोटी बड़ी होलिका दहन का कार्यक्रम रखा गया है। जहां सोमवार देर रात तक बाजे-गाजे के साथ लोग पूजा अर्चना करते और फाग गीत गाते नजर आये। वहीं देर रात 1 बजे के आसपास शहर के अलग-अलग स्थानों में होलिका दहन किया गया वहीं कल बुधवार को होली खेली जाएगी। 


अन्य पोस्ट