रायगढ़

करंट से दो मौतें, 4 हिरासत में
13-Dec-2025 6:12 PM
करंट से दो मौतें, 4 हिरासत में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 13 दिसंबर।
जंगली सुअर के लिए बिछाए गए करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आने से दो ग्रामीणों की मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के साथियों ने दोनों शवों को झाडिय़ों में छिपा दिया था। इस मामले में चार संदेहियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के छोटे रेगड़ा निवासी पुनीलाल यादव एवं संदीप उरांव 9 दिसंबर की सुबह अपने-अपने घर से निकले थे और घर नहीं लौटे थे। परिजनों ने 12 दिसंबर को थाना पहुंचकर दोनों की गुमशुदगी रिपोर्ट लिखाते हुए उनकी पतासाजी की जा रही थी। 

 

इसी बीच उन्हें जानकारी मिली कि दोनों का शव संबलपुरी नाला किनारे झाडिय़ों में पड़ा हुआ है। जिसके बाद चक्रधर नगर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

गांव के कोटवार ने बताया कि छोटे रेगड़ा निवासी 7 लोगों ने मिलकर जंगली सुअर के लिए करंट बिछाया था उसी करंट की चपेट में आकर दो लोगों की मौत हो गई थी जिसके बाद उसी के साथियों ने वारदात को छुपाने के इरादे से दोनों के शवों को झाडिय़ों में छुपा दिया था। इस मामले में पुलिस चार संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है वहीं एक अन्य की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट