राष्ट्रीय

किसी भी महिला के बारे में बुरा बोलना निंदनीय है : कनिमोझी
27-Mar-2021 8:50 PM
किसी भी महिला के बारे में बुरा बोलना निंदनीय है : कनिमोझी

चेन्नई, 27 मार्च | द्रमुक की लोकसभा सदस्य कनिमोझी ने कहा है कि चाहे कोई भी राजनीतिक नेता हो, अगर वह महिलाओं के बारे में बुरा बोल रहा है तो उसकी निंदा अवश्य की जानी चाहिए। कनिमोझी ने किसी की ओर इशारा किए बिना अपने ट्वीट में कहा कि "अगर हर कोई यह सोचे कि कोई भी महिलाओं का अपमान नहीं कर सकता तो यह समाज के लिए अच्छा है।"

यह सामाजिक न्याय है, जिसकी कामना द्रविड़ आंदोलन और पेरियार के नाम से मशहूर दिवंगत ई.वी. रामासामी ने हमेशा की।

कुछ दिनों पहले महिलाओं का अनादर करने पर उस समय विवाद शुरू हुआ जब द्रमुक के प्रचार सचिव डिंडीगुल आई लियोनी ने कार्तिकेय शिवसेनापति के लिए थोंडमुथुर निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार करते हुए महिलाओं के लिए अभद्र टिप्पणी की।

भाजपा की संस्कृति इकाई की सचिव गायत्री रघुरामन ने कनिमोझी को पार्टी के स्टार प्रचारक द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी का जवाब देने के लिए कहा।

अन्नाद्रमुक नेता एम.पी. राजशेखरन ने आईएएनएस से कहा, "ऐसी टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जा सकती, यह द्रमुक पार्टी के लोगों के विचारों की कलई खोल रही है। महिलाओं के खिलाफ ऐसी टिप्पणी करने वालों के खिलाफ पार्टी को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।"

उन्होंने कहा, "यह हमारी संस्कृति नहीं है। तमिल संस्कृति में हमेशा महिलाओं का सम्मान किया जाता है।" (आईएएनएस)


अन्य पोस्ट