राष्ट्रीय

उज्जैन, 12 फरवरी | मध्य प्रदेश में भाजपा के विधायकों की दो दिवसीय पाठशाला उज्जैन में चल रही है। इस दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन सबसे ज्यादा जोर सत्ता और संगठन में समन्वय पर दिया गया। साथ ही विधायकों को हिदायत दी गई कि वे विनम्र रहें। भाजपा संगठन लगातार अपने कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और मंत्रियों को समय-समय पर प्रशिक्षण देता रहता है। इसी क्रम में विधायकों को भी दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के पहले दिन अधिकांश नेताओं का जोर सत्ता और संगठन में समन्वय पर तो रहा ही, साथ में पार्टी की रीति-नीति के मुताबिक काम करने पर जोर दिया गया।
भाजपा का विधायकांे का यह प्रशिक्षण इस लिहाज से महत्वपूर्ण है, क्योंकि 19 विधायक ऐसे हैं जो कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए हैं। इन विधायकों को भी पार्टी की रीति-नीति और कार्य व्यवहार से अवगत कराना खास मकसद माना जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि, "आज प्रदेश का जो परि²श्य है और आपके क्षेत्र की जो परिस्थितियां हैं, हमें उन सभी का चिंतन करने की आवश्यकता है, क्योंकि एक ओर तो हम दिन-रात परिश्रम करके देश, प्रदेश और समाज के उत्थान का प्रयास कर रहे हैं, दूसरी ओर ऐसी तमाम शक्तियां हम पर चौतरफा हमला कर रही हैं, जो भारत को आगे बढ़ते देखना नहीं चाहतीं, ऐसी शक्तियों को सामूहिक समन्वय से परास्त करना है। इस सामूहिक समन्वय का अर्थ है, कि अपनी सरकारों के काम को समाज तक ले जाएं, कार्यकर्ता की मेहनत का सम्मान करें और आपस में शुद्ध सात्विक संबंधों का निर्माण करें।"
उन्होंने कहा कि प्रतिकूलता में संघर्ष से आगे बढ़ा जा सकता है, लेकिन अनुकूलता में हमारे कारण प्रतिकूलता खड़ी न हो, इसके लिए विनम्रता की आवश्यकता होती है। समन्वय और विचारधारा हमारी सफलता का आधार है और इसे स्थायित्व देने के लिए ही इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्गों का आयोजन किया जाता है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा अंधकार में प्रकाश फैलाने के लिए दीपक की भूमिका निभाने वाला दल है। पार्टी रूपी दीपक के प्रकाश में बढ़ोत्तरी करने और उसे तेज हवाओं से बचाने के लिए जो कांच लगाया जाता है, वह पार्टी का कार्यकर्ता है। जिस प्रकार से दीपक के कांच को बार-बार साफ करना पड़ता है, ठीक उसी प्रकार से प्रशिक्षण वर्गों में कांच रूपी कार्यकर्ता को प्रशिक्षित करके उसे और पारदर्शिता एवं प्रमाणिकता के साथ काम करने के लिए तैयार किया जाता है।
प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने की। इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश सहप्रभारी पंकजा मुंडे, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे आदि ने दीप प्रज्जवलन कर वर्ग का शुभारंभ किया। (आईएएनएस)