राष्ट्रीय

एस जयशंकर ने नॉर्वे के विदेश मंत्री एस्पेन को दी संविधान दिवस की शुभकामनाएं
17-May-2026 2:55 PM
एस जयशंकर ने नॉर्वे के विदेश मंत्री एस्पेन को दी संविधान दिवस की शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 17 मई । नॉर्वे रविवार को 212वां संविधान दिवस मना रहा है। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने नॉर्वेजियन समकक्ष एस्पेन बार्थ ई दे को इस ऐतिहासिक दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए उन्होंने विशिष्ट दिन की बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे की एक तस्वीर के साथ लिखा कि एस्पेन बार्थ ई दे, नॉर्वे की सरकार और वहां के लोगों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हम अपने बहुआयामी संबंधों को और गहरा करने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री मोदी पांच देशों की यात्रा पर फिलहाल यूरोप में हैं। सोमवार (18 मई) को वो नॉर्वे पहुंचेंगे। एस जयशंकर ने इसे लेकर ही उत्सुकता की बात की है। पीएम मोदी नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे के निमंत्रण पर द्विपक्षीय वार्ता और 19 मई को आयोजित होने वाले तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नॉर्वे की आधिकारिक यात्रा पर होंगे। पीएम मोदी की नॉर्वे की पहली यात्रा तो है ही इसके अलावा पिछले 43 वर्षों में भारत से किसी प्रधानमंत्री की नॉर्वे की पहली यात्रा भी होगी।

प्रधानमंत्री नॉर्वे के राजा किंग हैरल्ड पंचम और रानी सोन्या से भी मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी और पीएम स्टोरे संयुक्त रूप से भारत-नॉर्वे व्यापार एवं अनुसंधान शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जिसका मुख्य फोकस व्यापार, प्रौद्योगिकी और निवेश को बढ़ावा देना तथा भारत-ईएफटीए व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) के क्रियान्वयन को आगे बढ़ाना होगा। वहीं, तीसरा भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन 19 मई को ओस्लो में आयोजित होगा। इसमें प्रधानमंत्री मोदी के साथ नॉर्वे, डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के प्रधानमंत्री भाग लेंगे। नॉर्डिक देश भारत के लिए प्रौद्योगिकी, नवाचार, सतत विकास, नवीकरणीय ऊर्जा और डिजिटलीकरण के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण साझेदार हैं। भारत और नॉर्डिक देशों के बीच वस्तुओं एवं सेवाओं का द्विपक्षीय व्यापार लगभग 90 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है। इसमें भारत का निर्यात लगभग 9.5 अरब डॉलर और आयात भी लगभग 9.5 अरब डॉलर के आसपास है। -(आईएएनएस)


अन्य पोस्ट