राष्ट्रीय

असम विधानसभा चुनावों से पहले एसएसबी महानिदेशक ने भूटान सीमा का किया दौरा
22-Mar-2026 12:20 PM
असम विधानसभा चुनावों से पहले एसएसबी महानिदेशक ने भूटान सीमा का किया दौरा

 गुवाहाटी, 22 मार्च । असम विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक संजय सिंघल ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए रंगिया, भूटान गेट, दरंगा और उदलगुरी का दौरा किया। सिंघल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें कीं और 9 अप्रैल को होने वाले चुनावों से पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सिंघल चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मियों को भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) के दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने और उच्चतम अनुशासन और सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कर्मियों से बातचीत भी की, उनका मनोबल बढ़ाया और उन्हें चुनाव ड्यूटी के दौरान पूरी पेशेवर प्रतिबद्धता, सतर्कता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। गुवाहाटी हवाई अड्डे पर 21 मार्च को गुवाहाटी सीमा के महानिरीक्षक सुधीर वर्मा ने संजय सिंघल का स्वागत किया। इसके बाद संजय सिंघल ने रंगिया स्थित सेक्टर मुख्यालय का दौरा किया।

महानिदेशक ने चुनाव ड्यूटी के लिए तैनात एसएसबी नोडल अधिकारियों, जिनमें तदर्थ कमांडेंट, जिला समन्वय अधिकारी और कंपनी कमांडर के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की और सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी किए। इसके बाद सिंघल ने उदलगुरी जिले का दौरा किया, जहां उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षकों के साथ कानून व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की और चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मियों से बातचीत की। महानिदेशक ने भारत-भूटान सीमा पर स्थित दरंगा-समद्रुप जोंगखर व्यापार पारगमन मार्ग का भी निरीक्षण किया। इस यात्रा के दौरान उन्होंने भूटानी अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन के सदस्यों से बातचीत की और दरंगा स्थित एकीकृत चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावी सीमा निगरानी के लिए आधुनिक तकनीकी उपकरणों के बढ़ते उपयोग पर जोर दिया। सिंघल ने एक सीमा चौकी का भी दौरा किया और सैनिक सम्मेलन में कर्मियों को संबोधित करते हुए उनसे स्वस्थ रहने और परिचालन तत्परता को मजबूत करने का आग्रह किया। असम विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल को होने हैं और मतगणना 4 मई को होगी। --(आईएएनएस)


अन्य पोस्ट