राष्ट्रीय

'तेहरान' की निर्माता डाना ईडन का निधन, एथेंस के होटल में मिलीं मृत
16-Feb-2026 2:32 PM
'तेहरान' की निर्माता डाना ईडन का निधन, एथेंस के होटल में मिलीं मृत

 नई दिल्ली, 16 फरवरी । मशहूर ड्रामा सीरीज 'तेहरान' की निर्माता और क्रिएटर डाना ईडन का 52 वर्ष की उम्र में अचानक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह ग्रीस में 'तेहरान' के चौथे सीजन की शूटिंग कर रही थीं। उनके निधन से इजराइल टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। इजराइल के पब्लिक ब्रॉडकास्टर 'कान' ने डाना ईडन के निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि हाल के दिनों में 'तेहरान' के चौथे सीजन की शूटिंग ग्रीस में चल रही थी। डाना ईडन इस शूटिंग को बेहद करीब से मॉनिटर कर रही थीं और इसी सिलसिले में उन्होंने ग्रीस का सफर किया था। ब्रॉडकास्टर के मुताबिक, डाना ईडन एथेंस के एक होटल में मृत अवस्था में पाई गईं। बताया गया कि जब वह लंबे समय तक कॉल और मैसेज का जवाब नहीं दे रही थीं, तो उनके भाई उन्हें तलाशते हुए होटल पहुंचे, जहां उन्होंने डाना को कमरे में मृत पाया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

ग्रीक पुलिस ने मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही होटल के सीसीटीवी फुटेज और स्टाफ के बयान भी ले रही हैं। अधिकारी सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। डाना ईडन को इजराइल की सबसे सफल और प्रभावशाली टेलीविजन प्रोड्यूसर्स में गिना जाता था। वह हिट सीरीज 'तेहरान' की निर्माता और क्रिएटर थीं। उन्होंने अपने करियर में कई चर्चित टीवी प्रोजेक्ट्स पर काम किया। 'सेविंग्स द वाइल्डलाइफ', 'शी हैज इट', 'मैगपाई' और 'शाकशौका' जैसे शोज के जरिए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। इससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी पहचान मिली। डाना ईडन ने अपने प्रोफेशनल पार्टनरशिप प्रोड्यूसर शूला स्पीगल के साथ मिलकर डोना और शुला प्रोडक्शंस की स्थापना की थी, जिसके बैनर तले 'तेहरान' समेत कई सफल प्रोजेक्ट्स बनाए गए। 'तेहरान' एक एजेंट के खुफिया मिशन पर आधारित कहानी है। यह सीरीज न सिर्फ इजराइल में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहद लोकप्रिय रही। यह एप्पल टीवी प्लस पर उपलब्ध है। -(आईएएनएस)


अन्य पोस्ट