राष्ट्रीय

ओडिशा: बारगढ़ में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच गोलीबारी
09-Apr-2024 4:36 PM
ओडिशा: बारगढ़ में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच गोलीबारी

भुवनेश्वर, 9 अप्रैल ओडिशा के बारगढ़ जिले में माओवादियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी छिड़ गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि पाइकमल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गंधमर्दन की पहाड़ियों पर बने घने जंगल के अंदर सुरक्षाबलों और माओवादिय़ों की बीच गोलीबारी हुई।

उन्हें इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद विशिष्ट विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने जिला स्वैच्छिक बल (डीवीएफ) के साथ मिलकर शनिवार को तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस ने बताया कि सोमवार शाम करीब 5.40 बजे जैसे ही माओवादियों ने सुरक्षाबलों को देखा तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी।

उन्होंने कहा कि माओवादियों द्वारा हमला करने से दोनों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई, लेकिन वे बचकर भाग निकले।

एक अधिकारी ने बताया, ''गोलीबारी होने के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की गहन तलाशी ली और कुछ सामान भी बरामद किया। पुलिस ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

उन्होंने कहा कि हालांकि इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

उन्होंने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान के लिए अतिरिक्त बल को तैनात किया गया है। (भाषा) 


अन्य पोस्ट