राष्ट्रीय

अगरतला, 8 सितंबर त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए शुक्रवार को मतगणना के शुरुआती रुझान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगे चल रही है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, चार चरण की मतगणना के बाद बॉक्सानगर सीट पर भाजपा के तफ्फजल हुसैन 25,478 मतों से आगे चल रहे हैं। माकपा उम्मीदवार मिजान हुसैन दूसरे स्थान पर हैं।
धनपुर सीट पर चार चरण की मतगणना के बाद भाजपा की बिंदू देबनाथ 14,384 मतों से आगे चल रही हैं। माकपा के कौशिक चंदा दूसरे स्थान पर हैं।
दोनों सीटों पर मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई और छह चरण में मतगणना होगी। उपचुनाव के लिए पांच सितंबर को मतदान हुआ था। दोनों सीटों पर औसतन 86.50 फीसदी मतदान हुआ था।
मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच सोनमुरा गर्ल्स स्कूल में हो रही है।
विपक्षी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली और निर्वाचन आयोग द्वारा कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए मतगणना का बहिष्कार किया है। दोनों सीटों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और माकपा के बीच ही मुकाबला है क्योंकि दो अन्य विपक्षी दलों टिपरा मोथा और कांग्रेस ने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है।
सिपाहीजाला के जिला मजिस्ट्रेट विशाल कुमार ने कहा कि मतगणना सुचारू और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सभी कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मतगणना के दौरान और उसके बाद शांति सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।’’
माकपा विधायक समसुल हक के निधन के कारण बॉक्सानगर निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव आवश्यक हो गया था। वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के धनपुर के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।
बॉक्सनगर विधानसभा क्षेत्र में कुल 43,087 मतदाताओं में से 66 प्रतिशत मतदाता अल्पसंख्यक हैं।
कभी वामपंथियों का गढ़ माने जाने वाले धनपुर विधानसभा क्षेत्र में 50,346 मतदाता मतदान के पात्र हैं जिनमें से 8,000 से अधिक आदिवासी मतदाता हैं। सात महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पहली बार इस सीट पर जीत हासिल की थी।
त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 31 विधायक हैं और उसके सहयोगी दल इंडीजीनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) का एक विधायक है। विपक्षी टिपरा मोथा के 13, माकपा के 10 और कांग्रेस के तीन विधायक हैं। (भाषा)