राष्ट्रीय

मिज़ोरम छोड़ रहे मैतेई, मणिपुर सरकार विमान भेजने को तैयार
23-Jul-2023 12:41 PM
मिज़ोरम छोड़ रहे मैतेई, मणिपुर सरकार विमान भेजने को तैयार

दो कुकी महिलाओं को निर्वस्त्र करके परेड किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद बढ़ रहे आक्रोश के बीच मिज़ोरम में रह रहे मैतेई समुदाय के लोग डरे हुए हैं.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक़ शनिवार से मैतेई लोगों ने मिज़ोरम छोड़ना शुरू कर दिया है.

इसी बीच मणिपुर सरकार ने कहा है कि वह प्रभावित लोगों को चार्टर्ड फ़्लाइट के ज़रिये मणिपुर लाने के लिए तैयार है.

मिज़ोमर का मीज़ो समुदाय मणिपुर के कुकी लोगों के साथ गहरा नस्लीय संबंध रखता है और पड़ोसी प्रांत मणिपुर के घटनाक्रम पर नज़र बनाये हुए हैं.

3 मई को शुरू हुई हिंसा के बाद से क़रीब साढ़े बारह हज़ार कुकी लोगों ने मिज़ोरम में शरण ली है.

ताज़ा तनाव शुक्रवार को भूमिगत मिज़ो राष्ट्रवादियों की तरफ़ से मैतेई लोगों के लिए जारी चेतावनी के बाद से पैदा हुआ है.

पीस अकॉर्ड एमएनएफ़ रिटर्नीज़ एसोसिएशन (पामरा) पूर्व मीज़ो राष्ट्रवादी फ्रंट मिलिशया समूहों का संगठन है.

पामरा ने एक बयान में कहा है कि कुकी ज़ो नस्लीय समूहों के ख़िलाफ़ हिंसा से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं और अब मैतेई लोगों के लिए मिज़ोरम में रहना सुरक्षितन हीं होगा.

मिज़ोरम की राजधानी ऐज़वॉल में क़रीब दो हज़ार मैतेई लोग रहते हैं. इनमें सरकारी कर्मचारी, छात्र और श्रमिक शामिल हैं. इनमें से बहुत से असम की बराक घाटी के मूल निवासी हैं.

इस चेतावनी के बाद मिज़ोरम पुलिस ने मैतेई लोगों की सुरक्षा में पुलिस बल भी तैनात किए हैं.

हालांकि, शनिवार दोपहर तक कई मैतेई लोग मिज़ोरम छोड़कर जाने लगे थे. (bbc.com)


अन्य पोस्ट