राष्ट्रीय
.jpg)
नयी दिल्ली , 27 मई कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
खरगे और राहुल गांधी ने शांति वन जाकर नेहरू की समाधि पर पुष्प अर्पित किए।
खरगे ने ट्वीट कर कहा, "पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के योगदान के बिना 21वीं सदी के भारत की कल्पना नहीं की जा सकती। लोकतंत्र के निर्भीक प्रहरी, उनके प्रगतिशील विचारों ने चुनौतियों के बावजूद भारत के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास को दृढ़ता से आगे बढ़ाया। ‘हिन्द के जवाहर’ को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।"
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, "पंडित जवाहरलाल नेहरू की विरासत बहुत बड़ी है। यह एक प्रकाश पुंज की तरह है जो भारत के विचार और स्वतंत्रता, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता एवं आधुनिकता जैसे उन मूल्यों को प्रज्वलित करती है जिनके लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।"
उन्होंने कहा, " उनके दृष्टिकोण और मूल्य हमारी चेतना एवं कदमों का मार्गदर्शन करते हैं। "
कांग्रेस ने ट्वीट किया, "हम अपने पहले प्रधानमंत्री और आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हैं। वह एक ऐसे दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने अपनी आर्थिक नीतियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के जरिये देश को नई ऊंचाई प्रदान की।"
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने भी नेहरू को श्रद्धांजलि दी।
आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, "देश के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।"
गौरतलब है कि नेहरू 1947 में देश के आजाद होने के समय से 27 मई,1964 को अपने निधन तक प्रधानमंत्री रहे।
भारत के पहले और सबसे लंबे वक्त तक पद पर रहने वाले प्रधानमंत्री, नेहरू का 1964 में निधन हो गया था। (भाषा)