राष्ट्रीय

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने दुर्ग के भाजपा कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद
17-Feb-2023 4:14 PM
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने दुर्ग के भाजपा  कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 फरवरी।
गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय दुर्ग में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय, प्रदेश उपाध्यक्ष और संभाग प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य डॉ. सरोज पाण्डेय, लोकसभा सांसद विजय बघेल, दुर्ग जिला प्रभारी राजीव अग्रवाल एवं भिलाई जिला सहप्रभारी चेमन देशमुख, दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा एवं भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया की उपस्थिति में दुर्ग शहर, दुर्ग ग्रामीण एवं अहिवारा विधानसभा की बैठक हुई।

तीनों विधानसभाओं की अलग-अलग बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने शक्ति केंद्र के प्रभारियों, संयोजक एवं सहसंयोजक संगठन के कार्यों को लेकर सुझाव आमंत्रित किए, जिस पर कार्यकर्ताओं ने अपने अपने क्षेत्र अनुसार आवश्यक सुझाव दिए। अजय जामवाल ने कहा कि आज से पहले 69 विधानसभाओं का प्रवास कर चुके हैं और आज दुर्ग-भिलाई जिले की तीन विधानसभा के कार्यकर्ताओं से संवाद हो रहा है। 

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार जन्म-मृत्यु, लाभ-हानि, यश-अपयश सब विधि का विधान है। हम सब धर्म परायण होने के नाते इस शाश्वत सत्य को जानते तो हैं, लेकिन स्वयं पर मान्य नहीं करते इसीलिए राजनीति में स्वयं की और दूसरे नेता की स्थिति को लेकर तनाव में रहते हैं। शाश्वत सत्य को यदि मान लेंगे तो किसी को कोई मानसिक वेदना नहीं होगी। पार्टी में अच्छा काम करने वाले के लिए विधि का विधान सुनिश्चित है।  श्री जामवाल ने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस को भी सबसे बड़ी पार्टी होने का गौरव नहीं है। भाजपा 18 करोड़ सदस्यों वाला विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। 

आज देश में सबसे ज्यादा 16 राज्यों में भाजपा के मुख्यमंत्री हैं, देश में सबसे ज्यादा सांसद, सबसे ज्यादा विधायक, सबसे ज्यादा महापौर और सबसे ज्यादा जिला पंचायत अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी के हैं। वतर्मान समय में भाजपा के लिए सबसे ज्यादा अनुकूलता का वातावरण है, लेकिन इसके बावजूद पार्टी में काम और कार्यक्रमों की निरंतरता और प्रवाह सतत जारी रहना चाहिए क्योंकि जिस प्रकार प्रवाह रुकने से जल की शुद्धता नहीं रहती उसी प्रकार संगठन की भी स्थिति हो जाती है।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने सशक्त मंडल, सक्रिय बूथ समिति, रचनात्मक और आंदोलनात्मक कार्यों की श्रृंखला तथा पार्टी के वार्षिक कार्यक्रमों के बारे में विस्तार पूर्वक कार्यकर्ताओं से चर्चा की। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष और संभाग प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी ने पार्टी के

आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श किया और आगामी कार्यक्रमों की सफलता के लिए आवश्यक टिप्स दिए।  

विधानसभाओं की बैठकों में स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि उनके अध्यक्षीय कार्यकाल में विगत 9 महीने से दुर्ग जिले के सभी मंडलों में भाजपा कार्यकर्ताओं की टीम पूरी सक्रियता के साथ प्रदेश पार्टी संगठन द्वारा दिए गए समस्त कार्यक्रम और कार्यों को संपन्न तत्परता के साथ सक्रिय है। इसी का परिणाम है कि दुर्ग विधानसभा के जनविरोधी विधायक के घेराव में हजारों की संख्या में जनता और कार्यकर्ता सम्मिलित हुए ।

तीनों विधानसभाओं की बैठकों में विशेष रूप से दुर्ग विधानसभा प्रभारी प्रीतम साहू, डॉ रामकुमार साहू, गौरीशंकर श्रीवास, चंद्रिका चंद्राकर, नटवर ताम्रकार, विनायक नातू, केएस चौहान, मदन वाढ़ई, चंद्रशेखर चंद्राकर, बालमुकुंद देवांगन, प्रीतपाल बेलचंदन, अजय वर्मा, देवनारायण चंद्राकर, संतोष सोनी, रेखा यादव, चंद्रप्रकाश मांडले आदि उपस्थित रहे।

 


अन्य पोस्ट