राष्ट्रीय

भारत जोड़ो यात्रा की तुलना भगवान राम की पदयात्रा से कर भाजपा के निशाने पर आए मंत्री मीणा
18-Oct-2022 1:34 PM
भारत जोड़ो यात्रा की तुलना भगवान राम की पदयात्रा से कर भाजपा के निशाने पर आए मंत्री मीणा

जयपुर, 18 अक्टूबर राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को अनूठा और ऐतिहासिक करार देते हुए कहा है कि भगवान राम ने अयोध्या से श्रीलंका की पदयात्रा की थी, लेकिन राहुल गांधी तो उससे कहीं ज्यादा ‘पदयात्रा’ कर रहे हैं।

राज्य में मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंत्री के इस बयान पर कांग्रेस का मजाक उड़ाते हुए कहा कि कांग्रेस नेता तय कर लें कि वे किस स्तर तक चापलूसी करेंगे।

मीणा ने सोमवार को दौसा में एक कार्यक्रम से इतर कहा, ‘‘राहुल गांधी की पदयात्रा ऐतिहासिक पदयात्रा होगी। भगवान राम भी अयोध्या से श्रीलंका तक पैदल गए थे। पर राहुल गांधी तो उससे भी ज्यादा पैदल चलेंगे... कन्याकुमारी से कश्मीर तक। इतिहास है न आज तक कोई गया न जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी की ऐतिहासिक यात्रा देश को बदलने के लिए है। देश में जिस तरह का माहौल है उसे बदलने के लिए है।’’

कांग्रेस ने सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी। यात्रा करीब 150 दिन में पूरी होगी जिसमें 3,500 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। लगभग पांच महीनों में होने वाली यह यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और विधायक रामलाल शर्मा ने मंत्री के वक्तव्य की निंदा की। उन्होंने कहा, ‘‘कहां भगवान राम और कहां राहुल गांधी? कांग्रेस तो भगवान राम को राम को काल्पनिक मानती थी और उनके अस्तित्व को स्वीकार ही नहीं करती थी। यह (बयान) निंदनीय है कांग्रेस के नेता अपने अस्तित्व को बचाने के लिए अपने नेताओं की कितनी चापलूसी करेंगे। जनता सब देख रही है, जो आने वाले समय में हिसाब भी करेगी।’’ (भाषा)


अन्य पोस्ट