राष्ट्रीय

जामिया के छात्र को कोविड-19 इनोवेशन के लिए प्रतिष्ठित 'द डायना अवार्ड 2021'
29-Jun-2021 7:26 PM
जामिया के छात्र को कोविड-19 इनोवेशन के लिए प्रतिष्ठित 'द डायना अवार्ड 2021'

नई दिल्ली, 29 जून | कैफ अली, वास्तुकला स्नातक चतुर्थ वर्ष (बी आर्क),जामिया मिल्लिया इस्लामिया (जामिइ) के छात्र को 'डायना अवार्ड 2021' से सम्मानित किया गया। अली को कोविड के साथ बदलती दुनिया में उनके असाधारण योगदान के लिए यह अवार्ड दिया गया है। 'डायना' प्रिंसेस ऑफ वेल्स की स्मृति में स्थापित, यह पुरस्कार उनके नाम के चैरिटी द्वारा दिया जाता है। इसे उनके दोनों बेटों, द ड्यूक ऑफ कैम्ब्रिज और द ड्यूक ऑफ ससेक्स का समर्थन प्राप्त है। यह सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक है, जिसे एक युवा व्यक्ति अपने सामाजिक कार्य या मानवीय कार्यों के लिए प्राप्त कर सकता है।

पिछले साल, जैसे ही कोविड-19 महामारी ने पैर पसारे, कैफ ने शोध करना शुरू किया कि कैसे वास्तुकला बीमारी के प्रसार को रोकने में मदद कर सकती है। उन्होंने एक पूर्वनिर्मित टिकाऊ आश्रय तैयार किया, जो न केवल वायरस के संचरण को कम करने में मदद करेगा, बल्कि भविष्य में दुनिया भर में शरणार्थियों को भी घर दे सकता है।

कैफ के अनुसार उनका डिजाइन अब नाइजीरिया के लागोस में प्रयोग किया जा रहा है। इसे भारत सरकार, राष्ट्रमंडल राष्ट्रों और संयुक्त राष्ट्र द्वारा जलवायु कार्रवाई को सुलझाने वाले शीर्ष 11 उभरते इनोवेशन स्टार्ट-अप के तहत सराहा गया है।

कैफ एक बेहतर दुनिया के निर्माण के लिए वास्तुकला का उपयोग करने और अपनी साथी युवा पीढ़ी को संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों के लिए प्रेरित करने की उम्मीद करते हैं।

जामिया की कुलपति प्रोफेसर नजमा अख्तर ने इस उपलब्धि के लिए कैफ को बधाई दी। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय को उन पर गर्व है। यह नवोन्मेष समय की आवश्यकता के अनुसार है और यह भी दर्शाता है कि आज की प्रतिस्पर्धी दुनिया में किसी को लीक से हटकर सोचने की जरूरत है। (आईएएनएस)


अन्य पोस्ट