मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

बेकाबू बस पेड़ से टकराई
22-Oct-2026 8:39 PM
बेकाबू बस पेड़ से टकराई

बस मालिक सहित 6 मौतें, 40 से ज्यादा जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेंद्रगढ़, 22 अक्टूबर। मनेंद्रगढ़ से केल्हारी-जनकपुर जाने वाले मार्ग पर गुरुवार को केल्हारी थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़हंसवाही के पास सेमरमथानी मोड़ पर अनियंत्रित होकर बस पेड़ से भिड़ गई। इस दौरान मालिक सहित 6 यात्रियों की मौत हो गई। वहीं 41 से ज्यादा यात्री घायल हैं। जिसमें चालक सहित 5 यात्रियों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, राज ट्रेवल्स की बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। इस दौरान सुबह लगभग 12 बजे सेमरमथानी मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। बस में करीब 47 यात्री सवार थे। हादसा के बाद चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और स्थानीय नागरिकों की मदद से घायलों को सीएचसी केल्हारी पहुंचाया गया। उपचार के दौरान बस मालिक सिपाही लाल सहित 6 यात्रियों की मौत हो गई। घायलों को एंबुलेंस से मनेन्द्रगढ़ स्थित 220 बिस्तर सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ में 36 चिरमिरी जिला अस्पताल में 2 और सीएचसी केल्हारी में 4 भर्ती हैं।

हादसे के बाद जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना स्थल से लेकर अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। घायलों में सलाउद्दीन (45) केल्हारी हंसपुर, मो रिहान पिता अमज़द खान(1) तीनदण्डाई, मो अफरोज पिता अमज़द खान(8) तीनदण्डाई, प्रिंयका, वसुंधरा, सृष्टि, अंश पिता जितेन्द्र(5) डुगला केल्हारी, श्यामवती पति हीरालाल, सकलनिया पति हीरालाल बंदटोला, लक्ष्मी पति जितेन्द्र(27) डुगला केल्हारी, शिवानी, पिता जितेन्द्र(8) डुगला केल्हारी हैं। इसके अलावा सुशीला पति राहुल(25)  केल्हारी, नितेश पिता दिनेश कुमार(54) छरछी, राम निषाद, मीरा पति दिनेश(30), सुधा पिता छोटेलाल(12) डुगला केल्हारी, सूरज पिता जगदीश घायल हैं। दर्दनाक हादसे को लेकर ऐसी चर्चा है कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे बस मनेन्द्रगढ़ से केल्हारी के लिए रवाना हुई थी। केल्हारी से लगभग सात किलोमीटर पहले ग्राम पहाड़हंसवाही के पंचायत मार्ग पर बस का स्टेयरिंग फेल होने की बात सामने आ रही है।

इनकी मौत हुई

- सिपाही लाल(55) ग्राम केल्हारी बस मालिक।

- पंचराम (60) ग्राम चिरमिरी निवासी।

- मधु(12) और नेहा(9) ग्राम रोझी केल्हारी।

- संगीत पाव (30) ग्राम गुड़रू केल्हारी निवासी।

- सुकारो(80) ग्राम भालूडांड़ केल्हारी निवासी शामिल है ।

वहीं गंभीर रूप से घायल चालक सलाउद्दीन एवं मनेंद्रगढ़ निवासी घायल गर्भवती महिला के पेट में शिशु की मौत होने पर  मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है साथ ही ढाई वर्षीय बालक प्रिंस का पैर फैक्चर होने पर उसे भी रेफर किया गया है! मनेंद्रगढ़ में घायल यात्रियों की स्थिति में सुधार न होने पर रेफर का सिलसिला जारी है!


अन्य पोस्ट