मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
ऑटो-पिकअप की टक्कर में हुई थी 4 की मौत, 12 जख्मी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 4 अक्टूबर। कोरिया जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना पहुंचकर कलेक्टर रोक्तिमा यादव और पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने सडक़ दुर्घटना में घायल मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति की जानकारी ली।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने मरीजों से भोजन, जांच व इलाज की व्यवस्था के बारे में पूछा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को समय पर दवाइयां उपलब्ध कराने और रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ज्ञात हो कि शुक्रवार देर शाम पटना थाना क्षेत्र के सांवारांवा के पास दशगात्र कार्यक्रम से लौट रही महिलाओं से भरे ऑटो को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी थी। इस हादसे में फुलकुंवर (50 वर्ष), रामबाई (60 वर्ष), फुलकुंवर (60 वर्ष) और चन्द्रमति (58 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घायलों का उपचार जारी है तथा पुलिस फरार पिकअप चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाने, तेज रफ्तार से बचने तथा नशे में अथवा नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने शनिवार सुबह सांवारांवा स्थित दुर्घटना स्थल का जायजा लिया और विवेचना अधिकारी व यातायात प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।