मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 9 सितंबर। जनकपुर पुलिस ने दो नाबालिग बच्चों का अपहरण कर उन्हें मजदूरी हेतु बेचने का प्रयास करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार 4 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई गई कि 3 सितंबर को प्रार्थी का नाबालिग पुत्र और पड़ोसी का नाबालिग पुत्र बिना बताए लापता हैं। शिकायत के आधार पर दलबीर बैगा (निवासी कुन्दौर, जिला सीधी, म.प्र.) के विरुद्ध थाना जनकपुर में बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी दलबीर बैगा अपने साथी मनराज बैगा निवासी कुन्दौर, म.प्र. के साथ बच्चों को मेरठ होते हुए मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) ले गया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर दबाव बनाया।
5 सितंबर की रात्रि ग्राम चरचर (थाना जनकपुर) के पास आरोपी मनराज बैगा के कब्जे से दोनों बच्चों को वापस लाते समय सकुशल बरामद किया गया।
बच्चों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दलबीर और मनराज उन्हें मुजफ्फरनगर मंडी में बाल श्रम हेतु बेचने की योजना बना रहे थे।
मामले में धारा 137(2), 143, 3(5) बीएनएस जोड़ते हुए आरोपी मनराज बैगा को 6 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रकरण का सह-आरोपी दलबीर बैगा फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।