मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
मनेन्द्रगढ़, 9 सितंबर। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और रेप के मामले में 14 वर्षों से फरार आरोपी को जनकपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के गुन्नौर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2012 में थाना जनकपुर में नाबालिग बालिका के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने धारा 363 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
27 नवंबर 2014 को नाबालिग को बरामद किया गया। पीडि़ता के बयान के आधार पर आरोपी वीर सिंह सिसोदिया उर्फ वीरू (निवासी देवेंद्र नगर, गुन्नौर, जिला पन्ना, म.प्र.) द्वारा शादी का झांसा देकर ले जाने और रेप करने की पुष्टि हुई। इसके पश्चात प्रकरण में धारा 366(क), 376 भादवि एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 जोड़ी गई।
पुलिस अधीक्षक मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने पन्ना जिले के गुन्नौर में दबिश देकर आरोपी वीर सिंह सिसोदिया को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर उप जेल मनेन्द्रगढ़ भेज दिया गया है।