मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
पीआईबी के वार्तालाप कार्यक्रम में मीडिया और प्रशासन ने दिखाई एकजुटता, गांव-गांव तक पहुंचेगा जागरूकता अभियान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 10 अगस्त। भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर (पीआईबी) द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन मनेन्द्रगढ़ के एक होटल में किया गया।
कार्यक्रम में पीआईबी रायपुर के उपनिदेशक (मीडिया एवं संचार) रमेश जयभाये ने मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी संतन देवी जांगड़े, भोपाल पीआईबी निदेशक मनीष गौतम, छत्तीसगढ़ बंधु पत्रिका के संपादक मधुकर द्विवेदी, माय भारत जिला समन्वयक कोरिया चहल कैलाशिया, एमसीबी जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष रंजीत सिंह तथा मनेंद्रगढ़ पत्रकार संघ के अध्यक्ष प्रवीण निशी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में जिले के अन्य पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। स्वागत गीत की प्रस्तुति के बाद नशा मुक्ति अभियान पर आधारित नाटक का मंचन किया गया।
कार्यक्रम में भोपाल पीआईबी के निदेशक मनीष गौतम ने मीडिया की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि मीडिया देश का चौथा स्तंभ है और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों तथा विभिन्न जनजागरूकता अभियानों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि पत्र सूचना कार्यालय से संबंधित व्यवस्थाओं के एकीकरण का उद्देश्य सूचना तंत्र को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और समन्वित बनाना है, ताकि सरकार की योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहजता से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ में भी केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार को नई गति मिलेगी।
नशामुक्ति अभियान को लेकर उन्होंने कहा कि ‘नशा छोड़ो, भारत जोड़ो’ अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। अंबिकापुर में भी इस दिशा में विशेष आयोजन किए जाएंगे। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम में माय भारत जिला समन्वयक कोरिया चहल कैलाशिया ने युवाओं को ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) पोर्टल की उपयोगिता और इसकी गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माय भारत भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का महत्वपूर्ण मंच है, जिसके माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सहभागिता, स्वयंसेवा, कौशल विकास और नेतृत्व क्षमता से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत अभियान में युवाओं की भागीदारी को मजबूत करने के लिए माय भारत एक प्रभावी मंच बन सकता है। जिले में युवाओं के साथ प्रत्येक माह विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नशे के दुष्परिणाम, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर संवाद किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी के समन्वय से स्कूलों में भी नशामुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी संतन देवी जांगड़े ने कहा कि मीडिया देश का चौथा स्तंभ है और समाज में जन जागरूकता पैदा करने की उसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और जनहित से जुड़े अभियानों को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सकारात्मक वातावरण तैयार करने में मीडिया प्रभावी भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने नशे की समस्या को केवल कानून या अभियान के नजरिए से देखने के बजाय उसके पीछे छिपे सामाजिक और व्यक्तिगत कारणों को समझने की आवश्यकता बताई।
भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर (पीआईबी) के उपनिदेशक रमेश जयभाये ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जन जागरूकता को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में मीडिया सबसे प्रभावी माध्यमों में से एक है और नशे के दुष्परिणामों के प्रति युवाओं तथा आम नागरिकों को जागरूक करने में मीडिया सकारात्मक एवं जिम्मेदार भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म, समाचार पत्र, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अन्य संचार माध्यमों की पहुंच गांव-गांव तक है। इसलिए ‘नशा छोड़ो, भारत जोड़ो ’ जैसे अभियानों के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का अवसर भी व्यापक है।
श्री जयभाये ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें शिक्षा, खेल, कौशल विकास, रोजगार, सामाजिक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोडऩा जरूरी है। परिवार, विद्यालय, प्रशासन, सामाजिक संगठन और मीडिया यदि मिलकर युवाओं के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करें, तो नशे की प्रवृत्ति को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। इसलिए नशामुक्ति का संदेश किसी एक कार्यक्रम तक सीमित न रहकर निरंतर अभियान के रूप में गांवों, स्कूलों, महाविद्यालयों और नगरीय क्षेत्रों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने सभी मीडिया प्रतिनिधियों से ‘नशा छोड़ो, भारत जोड़ो ’ अभियान को व्यापक जन आंदोलन बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।