मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सिद्ध बाबा सरकार मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा
29-Jun-2026 3:52 PM
  हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ  सिद्ध बाबा सरकार मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा

 पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने की पूजा-अर्चना, क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेंद्रगढ़, 29 जून।  नगर के ग्राम देवता श्री सिद्ध बाबा सरकार के नवनिर्मित भव्य मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भोले बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

 

इस अवसर पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो भी साथियों सहित शामिल होकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि मनेंद्रगढ़ के ग्राम देवता श्री सिद्ध बाबा सरकार के दिव्य मंदिर निर्माण के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनना उनके जीवन का परम सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि बाबा की असीम कृपा से वर्ष 2020 में उन्हें इस पावन कार्य का शुभारंभ करने का अवसर मिला था और बाबा के आशीर्वाद से मंदिर निर्माण का कार्य निरंतर आगे बढ़ता गया। आज मंदिर पूर्ण रूप से निर्मित होकर प्राण-प्रतिष्ठा जैसे ऐतिहासिक और पावन अवसर का साक्षी बना है।

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि यह केवल एक मंदिर का निर्माण नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति, सामाजिक समरसता और एकता का जीवंत प्रतीक है। इस मंदिर के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग, दानदाताओं, समिति के पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने जिस निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान दिया है, वह सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने इस अवसर पर मंदिर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले श्री सिद्ध बाबा सेवा समिति के प्रथम अध्यक्ष स्वर्गीय मनोज कक्कड़ को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि मंदिर निर्माण का उनका सपना आज साकार हुआ है। उन्होंने वर्तमान अध्यक्ष राजेश शर्मा, सचिव विकास श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष अज्जू अग्रवाल, चंद्रकांत चावड़ा, कल्लू कक्कड़, अजय जायसवाल, नरोत्तम शर्मा, नितिन गुप्ता, अमित पोद्दार, आशीष कक्कड़, विनीत जायसवाल, विमलेश अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, संदीप पुरी, हेमराज, श्रीकांत पांडे (पंडित जी) सहित सभी समिति सदस्यों, दानदाताओं एवं सहयोगियों के योगदान की सराहना की।

गुलाब कमरो ने कहा कि मंदिर निर्माण के प्रारंभिक कार्य में ग्राम पंचायत चनवारीडांड द्वारा महत्वपूर्ण सहयोग दिया गया था। तत्कालीन पंचायत प्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग के बिना प्रारंभिक निर्माण कार्य संभव नहीं हो पाता। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा की कृपा और आप सभी की श्रद्धा एवं समर्पण से यह भव्य धार्मिक धरोहर आज क्षेत्रवासियों को समर्पित हो सकी है। उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों को प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि श्री सिद्ध बाबा सरकार की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे तथा पूरा क्षेत्र सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के मार्ग पर निरंतर अग्रसर होता रहे।

प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की उन्नति और जनकल्याण की कामना की।


अन्य पोस्ट